'आजम थे, हैं और रहेंगे, फर्जी मुकदमे लंबे समय तक उन्हें कैद नहीं रख सकते', जेल में मुलाकात के बाद बोले अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात कर उन्हें पूरा समर्थन दिया और कहा कि फर्जी मुकदमे उन्हें लंबे समय तक कैद नहीं रख सकते।
-1792714233556_m.webp)
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
HighLights
अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात की।
आजम खान को फर्जी मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाया।
भाजपा सरकार पर जौहर विश्वविद्यालय को बर्बाद करने का आरोप।
जागरण संवाददाता, रामपुर। मुस्लिम मतों को लेकर विपक्षी पार्टियों के कटाक्ष, गुटबाजी में बंटे पार्टीजन और आजम खान की उपेक्षा का आरोप। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को करीब तीन घंटे के रामपुर दौरे में बिना सीधे टिप्पणी के उनके (आजम खान) के साथ खुद को खड़ा कर जवाब देने की कोशिश की। उन्होंने साफ कहा आजम थे, हैं और रहेंगे। रामपुर में ही रामराज्य कुचला जा रहा है।
समय लग सकता है, लेकिन फर्जी मुकदमों में इतनी ताकत नहीं कि वह आजम को कैद रख सकें। उन्होंने जौहर विश्वविद्यालय के सहारे प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। बोले-भाजपा का पढ़ाई से लेना-देना नहीं है। यूनिवर्सिटी जो बच्चों का भविष्य बनाती है, उसको बर्बाद करने के लिए साजिश रची गई है, उसका राजफाश होगा।
सालभर बाद आजम खान से मिलने आए अखिलेश यादव 1.20 बजे रामपुर पहुंचे। सीधे जेल जाकर 10 साल की सजा काट रहे आजम से एक घंटे मुलाकात की। बाहर निकलते ही उनके बड़े बेटे अदीब के कंधे पर हाथ रखकर साथ का भरोसा दिया। फिर मीडिया से बातचीत में उन्होंने आजम के साथ पार्टी के खड़े होने का सीधा संदेश दिया। बोले-सपा का लक्ष्य स्पष्ट है-भाजपा को हराना। 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।
दावेदारों की धड़कनें बढ़ीं
उन्होंने पीडीए, सामाजिक न्याय और सच्चाई को पार्टी के प्रमुख मुद्दे बताते हुए प्रदेश में ऐतिहासिक सरकार बनने का दावा किया। गठबंधन के सहयोगियों से मिली उम्मीदवारों की सूची पर भी आजम से चर्चा हुई है। यह कहकर उन्होंने गठबंधन के साथ पार्टी के कई दावेदारों की धड़कनें बढ़ा दी। क्योंकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ही कई पार्टी विधायकों से आजम खान खफा बताए जा रहे हैं।
हालांकि, सपा अध्यक्ष ने आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन( एआइएमआइएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के 18 अक्टूबर को यादव परिवार मुस्लिमों का इस्तेमाल कर रहा है कटाक्ष पर सीधी टिप्पणी के बजाय सिर्फ इतना कहा कि रावण भी वेश बदलकर आया था। इसके बाद अखिलेश यादव आजम खान के आवास पर भी एक घंटे रुके।
यह भी पढ़ें- शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे के फ्लैट की हाउस टैक्स फाइल गायब, शादाब खान के नाम पर दर्ज है प्रॉपर्टी
इस दौरान उनकी पत्नी तजीन फातिमा व अन्य स्वजन से मिले। एक महीने पहले तजीन फातिमा से लखनऊ में मुलाकात के दौरान आजम खान के संदेश पर अखिलेश यादव ने रामपुर आकर उनसे मिलने का आश्वासन दिया था।
पीडीए का सपना नहीं होगा पूरा
विनोद तावड़ेभाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने अखिलेश यादव की आजम से मुलाकात के बारे में कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सपा तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। सपा सरकार में प्रदेश को दंगों और अराजकता की आग में झुलसाया था। आजम को गृहमंत्री बनाने का सपा का सपना प्रदेश को विकास से विनाश की ओर ले जाने वाला है, जो कभी पूरा नहीं होगा।
