आज डाकघरों में सुबह सात बजे से बनेंगे आधार कार्ड
बुधवार को सुबह सात बजे से डाकघरों में आधार कार्ड बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने डाक विभाग की इस पहल को सराहते हुए अपने फेसबुक पर भी अपलोड किया है।
जेएनएन, रामपुर : आधार कार्ड बनवाने या संशोधन कराने के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है। उनकी परेशानी को देखते हुए डाक विभाग ने तीसरी बार आधार महा लागइन डे मनाने जा रहा है। इसके तहत बुधवार को सुबह सात बजे से डाकघरों में आधार कार्ड बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने डाक विभाग की इस पहल को सराहते हुए अपने फेसबुक पर भी अपलोड किया है। लोगों से अपने आधार कार्ड बनवाने और संशोधन कराने की अपील की है। डाक विभाग के मार्केटिग एक्जक्यूटिव संजीव कुमार ने बताया कि 14 अक्टूबर को राजद्वारा स्थित मुख्य डाकघर समेत शहर के मिस्टन गंज उप डाकघर, पुराना गंज उप डाकघर, रामपुर सिटी निकट पान दरीबा स्थित उप डाकघर, विकास भवन के पास सीएंडएम स्टोर और एम बोर्ड उप डाकघर नगर पालिका के पास मुहल्ला कच्ची मस्जिद शामिल हैं। इसके अलावा अन्य तहसीलों में बिलासपुर, मिलक, सैदनगर, शाहबाद, स्वार और टांडा बादली उप डाकघर में भी आधार कार्ड बनाए जाएंगे। इस सभी डाकघरों में एक-एक कर्मचारी सिर्फ आधार कार्ड बनाने का काम करेगा। यह काम सुबह सात बजे से शुरू हो जाएगा और देर रात तक चलेगा। उनके द्वारा पिछले दो अभियान में एम बोर्ड उप डाकघर में रात 10 बजे तक आधार कार्ड बनाने का काम किया गया। दोनों अभियान में जिले भर में करीब दो हजार आधार कार्ड बनाए गए।