आर्थिक रूप से परेशान ई-रिक्शा चालक ने की आत्महत्या
मिलक (रामपुर) आर्थिक रूप से परेशान ई-रिक्शा चालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मिलक (रामपुर) : आर्थिक रूप से परेशान ई-रिक्शा चालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुक्रवार की तड़के पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के ग्राम नवदिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में खड़े पेड़ से एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक फांसी के फंदे पर झूल रहा था। पुलिस ने युवक के बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ की तो ग्रामीणों ने बताया कि मृतक 40 वर्षीय विनोद राठौर है। वह पिछले कई वर्षों से इसी गांव में मकान बनाकर रह रहा था। इस गांव में उसकी ससुराल है। वह बिलासपुर का रहने वाला है। वह ई रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। देर रात किसी समय उसने स्कूल में लगे पेड़ पर रस्सी से फांसी लगा ली। जब सुबह ग्रामीण टहलने के लिए निकले तो उनकी इस पर नजर पड़ी तो उनकी चीख निकल गई। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मौके पर पहुचे कोतवाल अनिल कुमार ने लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और उसकी तलाशी ली। पुलिस को मृतक के पास से एक फोन और कुछ रुपये व कागज मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। ग्रामीणों में चर्चा है कि युवक पर काफी कर्जा था, जिसके कारण उसने आत्महत्या कर ली। वहीं मृतक के स्वजन सदमे में है। मृतक अपने पीछे चार बेटी और एक बेटे को छोड़ गया है।
एसएसआइ ब्रजेश कुमार ने बताया कि मृतक युवक की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। कुछ ब्याज वाले परेशान कर रहे थे। आर्थिक तंगी के चलते युवक द्वारा फांसी लगाने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। जांच पड़ताल की जा रही है।