लॉकडाउन: जिले में तीन महीने तक 17 लाख लोगों को मुफ्त मिलेगा पांच किलो अतिरिक्त राशन
लॉकडाउन जिले में तीन महीने तक 17 लाख लोगों को मुफ्त मिलेगा पांच किलो अतिरिक्त राशन
जागरण संवाददाता, रामपुर : कोरोना से बचाव को लेकर देश भर में किए गए लॉक डाउन में गरीब लोगों को राशन की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान सरकार द्वारा रखा जा रहा है। ऐसे लोगों को तीन महीने तक पांच किलो अतिरिक्त राशन की व्यवस्था की गई है। जिले में इसके लिए इस माह कुल 84067.70 क्विटल अतिरिक्त चावल का आवंटन किया गया है।
इस राशन को जनपद के कुल 1681354 लोगों को वितरित किया जाएगा। एक अप्रैल तक जारी किए गए राशन कार्डों के अनुसार जनपद में कुल चार लाख दस हजार आठ सौ बहत्तर राशन कार्ड जारी किए गए हैं। जिनमें अंत्योदय कार्डों की संख्या 34660 तथा पात्र गृहस्थी कार्डों की संख्या 376212 है। यूनिट की बात करें तो अंत्योदय कार्ड धारक परिवारों में 102603 तथा पात्र गृहस्थी परिवारों में 1578751 यूनिट हैं। अंत्योदय कार्ड धारक परिवारों को प्रति माह 35 किलो तथा पात्र गृहस्थी को प्रति यूनिट पांच किलो के हिसाब से राशन दिया जाता है। अब लॉकडाउन के दौरान शासन ने निर्णय लिया है कि निर्धारित राशन तो इन्हें दिया ही जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक सदस्य के हिसाब से पांच किलो चावल अतिरिक्त उपलब्ध करवाए जाएंगे। फिलहाल यह प्रक्रिया जून तक चलेगी। शासन द्वारा लोगों की परेशानी को देखते हुए पांच किलो प्रति यूनिट के हिसाब से अतिरिक्त चावल उपलब्ध करवाए गए हैं। पूरा प्रयास किया जा रहा है कि पारदर्शी ढंग से लाभार्थियों तक उनको यह राशन उपलब्ध करवाया जाए। जो भी कोटा डीलर इसमें धांधली करेगा, उस पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
सनत कुमार सिंह, पूर्ति निरीक्षक