झाड़ियों में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
सलोन (रायबरेली) : कोतवाली क्षेत्र के नूरुद्दीनपुर गांव में मंगलवार सुबह झाड़ियों में युवक का श्
सलोन (रायबरेली) : कोतवाली क्षेत्र के नूरुद्दीनपुर गांव में मंगलवार सुबह झाड़ियों में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वह घर से रायबरेली जाने को पैदल ही चौराहे तक आया था। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। परिवारीजन उसकी मौत को लेकर ऊहापोह की स्थिति में हैं। देरशाम तक कोतवाली में तहरीर नहीं दी गई है।
नूरुद्दीनपुर गांव निवासी सुरेश कुमार (30) पुत्र रामसुख की रायबरेली शहर में जिला अस्पताल के पास नाई की दुकान है। मंगलवार सुबह 6.30 बजे वह घर से रायबरेली के लिए निकला। पैदल ही चौराहे पर पहुंचा और वाहन का इंतजार करने लगा। फिर अचानक न जाने क्या हुआ। सुबह नौ बजे चौराहे से दो सौ मीटर दूर रायबरेली की तरफ सड़क किनारे झाड़ियों में ग्रामीणों ने उसका शव देखा। सूचना पुलिस को दी गई। घरवाले घटनास्थल पर आ गए। सुरेश के पैर में खरोंच के निशान थे। उसका एक दांत जुबान पर गड़ा था। पुलिस सुरेश को लेकर पीएचसी सलोन पहुंची। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। सुरेश के भाई महेश कुमार ने बताया कि उसकी मौत कैसे हुई, समझ ही नहीं आ रहा है। सुबह रोज की भांति वह रायबरेली जाने के लिए निकला था। उसे किसी तरह की बीमारी भी नहीं थी। किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी या फिर किसी और ने उसकी हत्या कर दी, ये तो जांच के बाद ही पता चल सकेगा। वहीं आसपास के ग्रामीणों ने मौका देखने के बाद हत्या की आशंका जताई है। चौकी इंचार्ज मान ¨सह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।