राहुल को दिए हैं पांच लाख रुपये, कार भी नहीं है सोनिया के पास
रायबरेली सांसद सोनिया गांधी की संपत्ति में पांच वर्ष में लगभग ढ़ाई करोड़ का इजाफा हुआ ह
रायबरेली : सांसद सोनिया गांधी की संपत्ति में पांच वर्ष में लगभग ढ़ाई करोड़ का इजाफा हुआ है। अचल संपत्ति उतनी ही है, सिर्फ उनका रेट बढ़ा है। हां, उनके खिलाफ एक परिवाद जरूर दाखिल हुआ है।
वर्ष 2014 में सोनिया द्वारा दाखिल शपथ पत्र में उनकी कुल संपत्ति 9,28,95,287 दर्शाई गई थी। जिसमें चल संपत्ति 2,81,50,387 रुपये है। तब ज्वैलरी में 1267.3 ग्राम सोना और 88 किलो चांदी थी। कैश 85 हजार और बैंक में 66,08,638 रुपये थे। कोई भी बकाया नहीं था, लोन और न ही अन्य सरकारी देय। अचल संपत्ति में उनके नाम डेरा मंडी में तीन बीघे और बीघापुर में 12 बीघे 15 बिसवां जमीन थी। इटली में भी संपत्ति थी। जिसका उस वक्त मूल्य 6,47,44,900 रुपये था। इस चुनाव में जब वर्ष 2019 का शपथ पत्र तैयार हुआ तो उसके मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 11,82,63,906 रुपये है। जिसमें चल संपत्ति 4,29,82,013 है। हालांकि सोना-चांदी उन्होंने नहीं खरीदा है। अचल संपत्ति का मूल्य बढ़कर 7,52,81,903 रुपये हो गया है। वर्तमान समय में इटली की संपत्ति का मूल्य 23,20,110 रुपये बताया गया है। इन पांच वर्षों में उनकी संपत्ति में कुल 2,53,68,629 रुपये का इजाफा हुआ है। जिसमें कैश में 60 हजार और बैंक में 16.60 लाख रुपये हैं। 2019 में भी उनके न तो बैंक में कोई देनदारी है और न ही कोई अन्य सरकारी देय बाकी है। हां, उन्होंने अपने बेटे राहुल गांधी को पांच लाख का कर्ज जरूर दिया है। उनके नाम कोई भी मोटर वाहन नहीं है।
परिवाद दाखिल,पर चार्ज नहीं
कोर्ट में उनके खिलाफ राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने परिवाद दाखिल किया था। जिसकी सुनवाई वर्ष 2016 से पटियाला हाउस कोर्ट, नई दिल्ली में चल रही है। अभी तक उस प्रकरण में चार्ज दाखिल नहीं हुआ है। बहस जारी है। इसमें सोनिया पर शेयर खरीद में धोखाधड़ी के मामले में साजिश करने का आरोप लगाया गया है।