सोनिया गांधी का अचानक बना कार्यक्रम, कल से रायबरेली के दो दिनी दौरे पर
सोनिया गांधी कल शाम को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आ रही हैं। वह इससे पहले फरवरी में आने वाली थीं, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण नहीं आ सकीं।
रायबरेली (जेएनएन)। संप्रग की मुखिया तथा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी कल से दो दिन के रायबरेली दौरे पर रहेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज से अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं। बुधवार को उनका भी रायबरेली में रहने का कार्यक्रम है।
सोनिया गांधी कल शाम को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आ रही हैं। वह इससे पहले फरवरी में आने वाली थीं, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण नहीं आ सकीं। संसदीय क्षेत्र होने के नाते उन्हें जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में शामिल होना जरूरी है। इसके पहले इसी बैठक की योजना फरवरी में बनी थी। उनकी 24 फरवरी को आने की पूरी तैयारी भी थी, किंतु देर रात उनकी तबीयत खराब हो जाने के कारण वह दौरा रद कर दिया गया था।
रायबरेली की सांसद सोनिया गांधी के प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा के मुताबिक सोनिया गांधी 17 की शाम करीब साढ़े छह बजे आएंगी। 18 को यहां से करीब तीन बजे उनकी वापसी का प्लान है। उसके बाद अब एक बार फिर से कल उनके आगमन की तैयारी है। अब प्रशासनिक स्तर पर अभी चार्ट आदि नहीं बना है। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक के एजेंडे में उनके मौजूद रहने की बात लिखी गई है। सोनिया का यह दौरा इस नाते भी महत्वपूर्ण है कि आज के साथ ही कल भी उनके बेटे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी अमेठी के दौरे पर हैं, ऐसे में 17 की रात अपनी मां के पास रायबरेली में ही आ जाएंगे। इस दौरान रात्रि विश्राम उनका भी यहीं होगा।
एक और बड़ी बात यह है कि संभवत 21 अप्रैल को भाजपा का की एक बड़ी जनसभा भी रायबरेली में होगी। बताया जा रहा है कि इसमें पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित बड़े नेता आएंगे। इसी जनसभा में पंचवटी के तीन भाई, एमएलसी, विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष कांग्रेस से नाता तोड़कर भाजपा में शामिल होंगे।