सई नदी में पानी बढ़ने से मुंशीगंज शहीद स्मारक परिसर के चारों ओर जलभराव, मुख्य मार्ग डूबने से आवागमन प्रभावित
सई नदी का जलस्तर बढ़ने से रायबरेली के ऐतिहासिक मुंशीगंज शहीद स्मारक परिसर में गंभीर जलभराव हो गया है। मुख्य ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
सई नदी का जलस्तर बढ़ने से शहीद स्मारक परिसर में जलभराव।
मुख्य पैदल मार्ग डूबा, स्मारक तक आवागमन पूरी तरह बंद।
जलस्तर घटने तक लोगों को स्मारक से दूर रहने की सलाह।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। सई नदी का जलस्तर बढ़ने से ऐतिहासिक मुंशीगंज शहीद स्मारक परिसर के चारों ओर जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। पानी बढ़ने के कारण शहीद स्मारक परिसर टापू में तब्दील हो गया है। इंदिरा नगर की ओर से शहीद स्थल तक जाने वाला मुख्य पैदल मार्ग कई फीट पानी में डूब गया है। इससे इस रास्ते से लोगों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
मुंशीगंज स्थित शहीद स्मारक ऐतिहासिक महत्व का स्थल है। यहां बड़ी संख्या में लोग शहीदों को श्रद्धांजलि देने और परिसर देखने पहुंचते हैं। पिछले दिनों हुई बारिश और सई नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद स्मारक तक पहुंचने वाले रास्ते पर लगातार पानी बढ़ता गया। अब स्थिति यह है कि मुख्य पैदल मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया है।
जलभराव अधिक होने के कारण आम लोगों और पर्यटकों के लिए इस मार्ग से शहीद स्मारक तक पहुंचना फिलहाल संभव नहीं है। मार्ग पर कई फीट पानी भरा होने से पैदल निकलना जोखिम भरा हो गया है। आसपास के क्षेत्र में भी पानी का फैलाव बढ़ने से स्मारक परिसर चारों तरफ से पानी से घिरा नजर आ रहा है।
सभासद सुशील कुमार ने बताया कि सई नदी का जलस्तर बढ़ने पर हर वर्ष इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या सामने आती है। नदी का पानी बढ़ने के साथ ही स्मारक तक पहुंचने वाला रास्ता प्रभावित हो जाता है। इस बार भी पानी बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल सई नदी का जलस्तर कम होने का इंतजार है।
यह भी पढ़ें- ज्ञानवापी मस्जिद: वुजूखाना के ASI सर्वे की याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई टली, 30 नवंबर को होगी अगली हियरिंग
पानी घटने के बाद ही शहीद स्मारक तक जाने वाला पैदल मार्ग दोबारा आवागमन के लिए खुल सकेगा। तब तक लोगों को स्मारक की ओर जाने से बचने की सलाह दी जा रही है। उधर नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने बताया कि जलभराव से कैसे निजात के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा।
