आते बोले न जाते… पहली बार ऐसे अंदाज में दिखे राहुल गांधी, डीएम से कहा- मेरे कामों का भी हो ‘क्वालिटी टेस्ट’
राहुल गांधी ने रायबरेली में दिशा बैठक की अध्यक्षता की, जहाँ उन्होंने डीएम से अपनी निधि से होने वाले कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।

HighLights
राहुल गांधी ने रायबरेली में दिशा बैठक की अध्यक्षता की।
डीएम से सांसद निधि के कार्यों की गुणवत्ता जांचने को कहा।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के सर्वे और सड़क मैपिंग के निर्देश दिए।
अमित मिश्र, रायबरेली। कुल 129 मिनट राहुल कलेक्ट्रेट के बचत भवन सभागार में रहे। बैठक में कई बार गहमा गहमी हुई, तेवर भी गर्म और नर्म होते रहे। लेकिन, जब नेता प्रतिपक्ष बाहर निकले तो चेहरे पर मुस्कान और होठों पर मौन था।
समर्थक उनके पीछे दौड़े और फोटो खिंचानी चाही, पल भर वह ठहरे और मोबाइल में तस्वीरें उतरवाईं फिर वाहन में बैठ गए। न आते बोले न जाते, उनका यह अंदाज दिशा की बैठक के बाद यह पहली बार देखने को मिला।
राहुल गांधी दिशा बैठक की अध्यक्षता करने 11 बजकर 37 मिनट पर बचत भवन पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी सरनीत कौर व एसपी रवि कुमार ने उनका स्वागत किया। बैठक में अधिकारियों से उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाए जाने के निर्देश दिए।
राहुल ने सभी सड़कों की मैपिंग कराने को भी कहा ताकि स्पष्ट हो सके कि कौन सी सड़क किस विभाग की है। उन्होंने अपनी भी निधि से होने वाले कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी से गुणवत्ता सुनिश्चित कराने की बात कही।
राहुल गांधी को उनके लोगों ने इस बार मुख्य रूप से सड़कों की पूरी हकीकत से अवगत करा रखा था, तभी वह फोटो, संख्या और सड़कों के क्षेत्र का नाम ले लेकर अपनी बात रखते रहे। बैठक से राहुल गांधी करीब एक बजकर 46 मिनट पर बाहर आए। मीडिया बाइट के लिए राहुल-राहुल चिल्लाने लगी। अनसुना करके नेता प्रतिपक्ष गाड़ी में बैठकर चले गए।
मनोज कुमार पांडेय ने परिसर में ही की मीडिया से बात
राहुल गांधी बिना बोले चले गए, उनके निकलने से चंद मिनट पहले बैठक से बाहर आए मंत्री डाॅ. मनोज कुमार पांडेय मीडिया से मुखातिब हुए। कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। खाद्य विभाग के तहत रायबरेली में करीब 21 लाख 92 हजार लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। जबकि, पांच साल में जिले में ही करीब 16 हजार सड़कें बनवाई गई।
दिनेश प्रताप सिंह ने आवास जाकर राहुल पर छोड़े व्यंग बाण
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह बैठक से सीधे आवास चले गए। वहां उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दिशा के नाम पर पिकनिक मनाने आते हैं। उन्हें अनुश्रवण के बारे में ज्ञान नहीं है। इसीलिए वह दिल्ली से एक महिला व दो पुरुष सहित तीन सदस्यीय टीम लेकर आते हैं। वही टीम पर्ची देती है, जितना लिखा होता है। बस उतना ही बोलते हैं। कहा कि राहुल गांधी इस बार दिनेश सिंह के डर से रास्ता बदल कर हैदरगढ़ होते हुए रायबरेली आए थे।
