विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में चलने वाली इस वंदे भारत एक्सप्रेस में कम हो सकती है बोगियों की संख्या, सर्वे हो गया शुरू

Published: Thu, 12 Mar 2026 03:25 PM (IST)

गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की कम संख्या के कारण रेलवे विभाग ने बोगियों की संख्या घटाने के लिए सर्वे शुरू किया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

जागरण संवाददाता, रायबरेली। गोरखपुर से प्रयागराज के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की कम संख्या को देखते हुए रेलवे विभाग ने बोगियों की संख्या घटाने को लेकर सर्वे शुरू कर दिया है। विभागीय स्तर पर यह सर्वे कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगे का अंतिम निर्णय रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा लिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 22549-50 वंदे भारत एक्सप्रेस (16 बोगी) मार्च 2024 में रायबरेली होकर चलाई गई है, लेकिन यहां से इसमें यात्रियों की संख्या बेहद कम देखी जा रही है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक एक फरवरी से अब तक प्रतिदिन रायबरेली से इस ट्रेन में महज चार से आठ यात्री ही सफर कर रहे हैं।

आंकड़ों का किया जा रहा आकलन 

यात्रियों की कम संख्या के कारण ट्रेन की अधिकांश बोगियां खाली ही चल रही हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की संख्या, टिकट बुकिंग और विभिन्न स्टेशनों से चढ़ने-उतरने वाले यात्रियों के आंकड़ों का आकलन किया जा रहा है।

इसी आधार पर यह तय किया जाएगा कि वर्तमान में संचालित बोगियों की संख्या में कमी की जाए या नहीं। यदि सर्वे में यात्रियों की संख्या कम पाई जाती है तो बोगियों की संख्या घटाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा।

हालांकि अधिकारियों का यह भी कहना है कि अंतिम निर्णय रेलवे बोर्ड स्तर से ही लिया जाएगा। फिलहाल सर्वे की प्रक्रिया जारी है और इसके पूरा होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। मुख्य जन संपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी का कहना है कि ट्रेन चलाने व बंद करने का निर्णय रेलवे बोर्ड से लिया जाता है।