रायबरेली में जुलूस के दौरान लगे फिलिस्तीन जिंदाबाद के नारे, हिंदू संगठनों ने जताई नाराजगी
डलमऊ, रायबरेली में ईद मीलादुन्नबी के जुलूस में 'फिलीस्तीन जिंदाबाद' के नारे लगे, जिस पर पुलिस ने एक युवक पर कार्रवाई की है। हिंदू संगठनों ने इस पर नाराजगी जताई।

प्रतीकात्मक फोटो।
HighLights
ईद मीलादुन्नबी जुलूस में 'फिलीस्तीन जिंदाबाद' के नारे लगे।
पुलिस ने एक युवक पर कार्रवाई की, हिंदू संगठन नाराज।
पीस कमेटी की बैठकों और पुलिस निगरानी पर सवाल उठे।
संवाद सूत्र, डलमऊ (रायबरेली)। ईद मीलादुन्नबी के जुलूस के दौरान फिलीस्तीन जिंदाबाद के नारे लगाए गए। इस पर पुलिस ने एक युवक के विरुद्ध कार्रवाई की है। मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि जब नारेबाजी में एक दर्जन से अधिक लोग शामिल थे तो सिर्फ एक युवक पर ही कार्रवाई क्यों की गई।
यह भी आरोप लगाया कि जुलूस के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विवादित नारे लगाए गए। इससे सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हाे गए हैं। चौकी इंचाई सोनू पटेल ने शिकायत में बताया कि जुलूस के दौरान फिलीस्तीन जिंदाबाद व सर तन से जुदा के नारे लगाए गए।
चौकी इंचार्ज की शिकायत पर एक युवक का शांतिभंग में चालान किया गया है। सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी कहना है कि जुलूस के दौरान नारेबाजी के संबंध में कार्रवाई की गई है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीस कमेटी की बैठक पर भी उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीस कमेटी की बैठकें महज औपचारिकता बनकर रह गई हैं। बैठकों में गिने-चुने लोगों को ही बुलाया जाता है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन के दिशा-निर्देश आम लोगों तक नहीं पहुंच पाते और विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है।
यह भी पढ़ें- रायबरेली की 1.15 लाख बुजुर्ग महिलाओं को योगी सरकार का तोहफा, जीवनभर कर सकेंगी मुफ्त बस यात्रा
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि आयोजनों से पहले पीस कमेटी की बैठक में सभी समुदायों के जिम्मेदार लोगों के साथ अधिक से अधिक स्थानीय लोगों को शामिल किया जाए।
साथ ही जुलूसों के दौरान पुलिस की प्रभावी निगरानी और वीडियोग्राफी कराई जाए, ताकि किसी भी तरह की आपत्तिजनक नारेबाजी या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर तत्काल कार्रवाई हो सके।
