विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली में संदिग्ध परिस्थिति में पेड़ पर मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आंशका

Published: Tue, 10 Mar 2026 06:01 PM (IST)

रायबरेली में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। मृतक राघवेंद्र कुमार वर्मा उर्फ राजू सोमवार शाम से लापता था।

संदिग्ध परिस्थिति में पेड़ पर मिला युवक का शव।

संदिग्ध परिस्थिति में पेड़ पर मिला युवक का शव।

HighLights

  1. युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर मिला।

  2. परिवारजनों ने हत्या की आशंका जताई, जांच जारी।

  3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट का इंतजार।

संवाद सूत्र, सतांव (रायबरेली)। गुरुबक्शगंज के पूरे कोइली मजरे बांस गांव के पास बाग में संदिग्ध परिस्थिति में मंगलवार को एक युवक का शव पेड़ पर मिला। पेड़ की ऊंची डाल से युवक के गले में फंदा लगा हुआ था, जबकि उसी के नीचे की डाल युवक बैठा था। युवक अपने पिता के साथ बैनामा लेखन का कार्य करता था।

परिवारजन के अनुसार सोमवार को वह निबंधन कार्यालय से निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा। शव की हालत देख परिवारजन समेत ग्रामीणों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।

पूरे कोइली मजरे बांस गांव निवासी राघवेंद्र कुमार वर्मा उर्फ राजू के पिता रज्जन प्रसाद वर्मा बैनामा लेखक हैं। वह निबंधन कार्यालय के पास बैठते हैं। राजू भी उनके साथ बैठते थे और काम में हाथ बंटाते थे। राजू के पिता, मां व दो भाई रायबरेली शहर स्थित मकान में ही रहते हैं, जबकि राजू अपनी पत्नी व चार बच्चों के साथ गांव में रहते थे। वह प्रतिदिन गांव से रायबरेली आते-जाते थे।

परिवारजन का कहना है कि राजू सोमवार की रात करीब आठ बजे रायबरेली से किसी साधन से गांव के लिए निकले, लेकिन घर नहीं पहुंचे। मंगलवार की सुबह गांव के लोग बाग में पहुंचे तो चिलवल के पेड़ पर राजू का शव देखा। इस पर ग्रामीणों ने परिवारजन समेत पुलिस को घटना की जानकारी दी।

देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस व फारेंसिक टीम ने घटना स्थल की जांच कर साक्ष्य संकलित किए। बताया जा रहा है कि टीम को घटना स्थल के पास शराब के पाउच भी मिले हैं।

परिवारजन व ग्रामीणों के अनुसार राजू पेड़ की एक डाल पर बैठा था, जबकि ऊपर की डाल में बंधी रस्सी से राजू से गले में फंदा लगा हुआ था। गुरुबक्शगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- 13 साल पहले युवक की हत्या करके फरार हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पांच वर्ष के अंतराल में किया था डबल मर्डर

यह भी पढ़ें- मऊ में दुल्हन की कटी अंगुली देख दूल्हे ने किया शादी से इनकार, पंचायत के बाद हुआ समझौता