13 साल पहले युवक की हत्या करके फरार हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पांच वर्ष के अंतराल में किया था डबल मर्डर
हरदोई में 13 साल से फरार 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर विपिन कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें

HighLights
13 साल से फरार 50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार।
2013 में सुनील सिंह की गोली मारकर की थी हत्या।
2008 में सुनील के भाई मुन्ना सिंह की भी हत्या की थी।
जागरण संवाददाता, हरदोई। गिगियानी चुंगी पर युवक की गोली मारकर हत्या कर फरार हुए 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने 13 वर्ष बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ कर मंगलवार को आरोपित को जेल भेज दिया है।
सहायक पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने बताया कि पांच सितंबर 2013 को खेड़ा अजमत के विपिन कुमार ने अपने भाई विकास और छोटे वाल्मीकि के साथ मिलकर गिगियानी चुंगी के पास मुहल्ले के सुनील सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मामले में पुलिस टीम ने विकास व छोटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि विपिन कुमार फरार हो गया था। वहीं कुछ दिन जेल में रहने के बाद विकास और छोटे बाल्मिकी जमानत पर छूट गए थे। हत्या करने के बाद से फरार विपिन कुमार का सुराग नहीं लगा रहा था।
पुलिस टीमें लगातार प्रयास करती रहीं, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। एसपी ने आरोपित विपिन कुमार पर 50000 का इनाम भी घोषित कर दिया गया था। पुलिस ने उसके घर की कुर्की करने के उपरांत गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की थी।
मंगलवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि विपिन कुमार आंझी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कहीं जाने की फिराक में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पास से 570 रुपये बरामद हुए हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विपिन कुमार हिस्ट्रीशीटर है। वर्ष 2008 में सुनील के भाई मुन्ना सिंह की भी हत्या की थी। दो वर्ष जेल में रहने के बाद जमानत पर छूट कर घर आ गया था। इसके बाद आरोपत ने अपने भाई और साथी के साथ मिलकर सुनील की भी हत्या कर दी थी। पूछताछ कर आरोपित को जेल भेज दिया गया है।
