PNG कनेक्शन ना लेने वाले ग्राहकों की बंद होगी LPG सप्लाई, रायबरेली में नोटिस जारी कर रहा विभाग
रायबरेली में पीएनजी के तेजी से विस्तार और अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को जोड़ने के लिए एक बैठक हुई, जिसमें कनेक्शन देने की गति तेज करने पर जोर दिया गया।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
रायबरेली में पीएनजी विस्तार पर हुई समन्वय समिति की बैठक।
7800 घरों में पीएनजी कनेक्शन लगे, 2800 में गैस आपूर्ति।
पीएनजी न लेने पर 90 दिन बाद एलपीजी आपूर्ति बंद होगी।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। एक होटल में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) समन्वय समिति की बैठक हुई, जिसमें शहर में पीएनजी के तेजी से विस्तार और अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को जोड़ने के संबंध में चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान ने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि शहर में पीएनजी का तेजी से विस्तार किया जाए। इसके चलते पाइप लाइन बिछाने व उपभोक्ताओं को कनेक्शन देने की गति में तेजी लाई जाए। जहां पीएनजी पाइपलाइन नेटवर्क उपलब्ध है, वहां अधिक से अधिक घरों में कनेक्शन एवं गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
7800 घरों में पीएनजी कनेक्शन लगाए
भारत पेट्रोलियम उत्तर भारत प्रमुख लाला प्रभु ढकोलिया ने बताया कि जिले में करीब 7800 घरों में पीएनजी कनेक्शन लगाए जा चुक हैं, जिनमें से 2800 घरों में गैस आपूर्ति प्रारंभ की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जिन मोहल्लों में पीएनजी नेटवर्क है, इसके बावजूद एलपीजी उपभोक्ताओं द्वारा अभी तक पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण नहीं कराया गया है।
यह भी पढ़ें- बारिश और फसल गिरने से रायबरेली के 1730 किसानों को नुकसान, अब तहसील स्तर पर टीमें करेंगी जांच
उन्हें नोटिस जारी की जा रही है। बीपीसीएल के सेल्स उप प्रबंधक सुदीप गुप्ता ने बताया कि 90 दिनों की निर्धारित नोटिस पूर्ण होने के बाद पीएनजी कनेक्शन न लेने वाले उपभोक्ताओं की एलपीजी सप्लाई बंद कर दी जाएगी। सहायक क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शैलेश कुमार, विशाल कुमार, मनीष वर्मा व सैयद अदनान उपस्थित रहे।
