यूपी में ढाई लाख श्रमिकों की फैमिली ID और 26000 लोगों के बनेंगे आयुष्मान कार्ड, श्रम विभाग ने तैयार किया प्लान
रायबरेली में श्रम विभाग पंजीकृत ढाई लाख श्रमिकों की फैमिली आईडी बनाएगा, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
ढाई लाख पंजीकृत श्रमिकों की फैमिली आईडी बनाने की प्रक्रिया शुरू।
26 हजार श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने की तैयारी।
शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श भी मिलेगा।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। जिले में श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की अब फैमिली आइडी बनाई जाएगी। इसके साथ ही 26 हजार श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की तैयारी है। इसके लिए श्रम विभाग की ओर से अलग-अलग तिथियों में शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में श्रमिकों के पंजीकरण से संबंधित कार्य के साथ स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा।
ऊंचाहार के श्रमिक रमेश कुमार, रोहनिया के राकेश सरोज ने बताया कि अब फैैमिली आइडी बनने पर हमारे व हमारे परिवार का रिकार्ड एक ही जगह से पता चल सकेगा। जिससे सहूलियत मिलेगी। जगतपुर के राजरानी ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनने से अब कम से कम उपचार तो हो सकेगा, अभी तक श्रमिकों को उपचार कराने के लिए निजी अस्पताल में काफी खर्चा आता था।
शुरू की जा रही फैमिली आइडी बनाने की प्रक्रिया
श्रमिक रामसुख, द्रौपदी, धीरज, गंगासेवक ने बताया कि शासन का फैसला श्रमिक के हित में है। श्रम विभाग के सहायक श्रमायुक्त उमेश कुमार ने बताया कि जिले में श्रम विभाग में करीब ढाई लाख श्रमिक पंजीकृत हैं। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों तक पहुंचाने के लिए फैमिली आइडी बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इसके लिए श्रमिकों को शिविर में पहुंचकर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे। फैमिली आइडी बनने के बाद सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में आसानी होगी।
वहीं, चिन्हित करीब 26 हजार श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रहेगी। यहां श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- एक एकड़ की खेती से किसान कर रहा लाखों की कमाई, UP की 108 पंखुड़ियों वाली कमल की फसल देखने पहुंचे वैज्ञानिक
जरूरत के अनुसार उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रमिकों की सुविधा को देखते हुए कैपरगंज में 24 व 25 सितंबर, चंपा देवी मंदिर के पास 28 व 29 सितंबर और गोल चौराहा पर एक व दो अक्टूबर को शिविर आयोजित किए जाएंगे।
