विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली में एक महीने से 14 हजार लोगों के घर नहीं पहुंचा पानी, प्रदर्शन कर जताई नाराजगी

Published: Fri, 20 Nov 2026 05:11 PM (IST)

रायबरेली के जोसियाना मोहल्ले में एक माह से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से करीब 14 हजार लोग परेशान हैं।  

जोसियाना मोहल्ले में प्रदर्शन करते लोग : जागरण

जोसियाना मोहल्ले में प्रदर्शन करते लोग : जागरण

HighLights

  1. जोसियाना मोहल्ले में एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप।

  2. करीब 14 हजार लोग पानी की समस्या से जूझ रहे।

  3. समाधान न होने पर नाराज निवासियों ने किया प्रदर्शन।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। शहर के जोसियाना मोहल्ले में पिछले एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप होने से करीब 14 हजार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पानी नहीं पहुंचने से लोगों को पीने के पानी से लेकर रोजमर्रा के कामकाज के लिए भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज मोहल्ले के लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि नगर पालिका परिषद के जलकल कार्यालय में कई बार पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की गई। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। एक माह का समय बीत जाने के बाद भी जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इससे मोहल्ले के हजारों परिवारों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है। लोगों ने बताया कि पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से उन्हें दूसरे स्थानों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।

खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अधिक परेशानी हो रही है। इसके साथ स्कूली बच्चों को सुबह-सुबह तैयार करने में दिक्कत हो रही है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका की ओर से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन मोहल्ले में एक माह से पानी नहीं पहुंचना व्यवस्था की हकीकत बयां कर रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वह जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखेंगे। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कर नियमित जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान विनोद कुमार, धर्मेद्र कुमार, हिमांशू, अतुल कुमार, वसीम, तालिफ, अरविंद कुमार, रमेश, सूफी मंसूरी, रामू, नीरज, प्रेमचंद्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।