रायबरेली में अधिक बुकिंग के चलते होम डिलिवरी प्रभावित, कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर 75 फीसदी रोक
रायबरेली में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद, अफवाहों के कारण लोग घबराकर समय से पहले बुकिंग कर रहे हैं, जिससे होम डिलीवरी प्रभावित हो रही है।

HighLights
11869 सिलेंडरों का पर्याप्त भंडारण, सरकार ने कहा नहीं बाधित होगी घरेलू आपूर्ति
अस्पताल व हास्टल को छोड़कर कामर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर कसी गई नकेल
जागरण संवाददाता, रायबरेली। गैस सिलेंडर को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है। लोग अनावश्यक पैनिक होकर भंडारण के लिए समय से पहले ही बुकिंग करा रहे हैं। जबकि मंगलवार तक तीनों पेट्रोलियम कंपनी की एजेंसियों के पास करीब 11869 सिलेंडरों का पर्याप्त भंडारण रहा। भारत सरकार ने पेट्रोलियम कंपनियों व जिला पूर्ति विभाग को दिशा निर्देश दिए हैं कि घरेलू सिलेंडर व घरों में पाइप से जाने वाली एलपीजी किसी भी दशा में बाधित नही होगी। फिलहाल अस्पताल व हास्टल को छोड़कर कामर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर 75 प्रतिशत तक रोक लगा दी गई है।
जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 14, इंडियन आयल कापोरेशन के 36 व भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन की 6 सहित 56 गैस एजेंसियां हैं। जिसमें करीब 6,65000 उपभोक्ता पंजीकृत हैं। अमेरिका, इजरायल व ईरान के बीच चल रहे युद्ध के साथ ही इंटरनेट मीडिया पर पेट्रोलियम की मारामारी की बातें भी चल रही हैं, जिससे उपभोक्ता सीधे प्रभावित हो रहा है। इसी के चलते गैस बुकिंग में मंगलवार तक 50 प्रतिशत तक अतिरिक्त उछाल देखा गया है।
जो उपभोक्ता एक माह से डेढ़ माह में सिलेंडर बुक कराते थे, वह अब 21 दिन पूरा होते ही सिलेंडर बुक कराकर भंडारण कर रहे हैं। इसका सीधा असर होम डिलीवरी पर पड़ रहा है। उपभोक्ता को समय पर होम डिलीवरी नही मिल पा रही है। इसके चलते वह गैस एजेंसियों पर पहुंच रहा है, जिससे भीड़ बढ़ रही है।
जबकि जिला पूर्ति विभाग का कहना है कि मंगलवार तक एचपी की एजेंसियों के पास 4000 सिलेंडर हैं, जिसमें 1200 की डिलीवरी हो चुकी है और अभी भी 2800 सिलेंडर स्टाक में हैं। आइओसी की एजेंसियों के पास 7660 सिलेंडर हैं, जिसमें 458 की डिलीवरी हो चुकी है, जबकि 7202 सिलेंडर गोदाम में रखे हैं। वहीं बीपीसीएल के एजेंसियों के 2079 के सापेक्ष 212 की होम डिलीवरी हो चुकी है और स्टाक में 1867 सिलेंडर मौजूद हैं।
वहीं मंगलवार को एचपी के पांच व आइओसी के तीन ट्रक की डिलीवरी जिले को हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी का कहना है कि और भी सिलेंडर भरे ट्रक मंगलवार को डिलीवरी दे देंगे। पेट्रोलियम व गैस मंत्रालय ने पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घरेलू पाइप लाइन व सिलेंडर से गैस आपूर्ति 100 प्रतिशत रहेगी। वहीं उर्वरक प्लांट के लिए 70 प्रतिशत, औद्योगिक उपभोक्ताओं को 80 प्रतिशत तक की आपूर्ति की जाएगी। इसके अतिरिक्त अस्पताल व हास्टल में लगने वाले कामर्शियल सिलेंडर को छोड़कर अन्य जगह की डिलीवरी में कटौती की जाएगी।
किसी भी उपभोक्ता को परेशान होने की आवश्यकता नही है। सिलेंडर का पर्याप्त भंडारण है। लगातार सिलेंडर भरे ट्रकों की आमद जारी है। मंगलवार को आठ ट्रक आ चुके हैं।- उबैदुर्रहमाहन, जिला पूर्ति अधिकारी
यह भी पढ़ें- रायबरेली में संदिग्ध परिस्थिति में पेड़ पर मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आंशका
