रायबरेली में नाबालिग के हत्याकांड में नया मोड़, परिवारवालों का आरोप- साजिश में शामिल थी खास सहेली
लालगंज, रायबरेली में किशोरी की हत्या के मामले में परिवारजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
परिवार ने किशोरी के शव का अंतिम संस्कार करने से मना किया।
हत्या में सहेली समेत अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप।
पुलिस के आश्वासन पर परिवारजन अंतिम संस्कार को राजी हुए।
संवाद सूत्र, लालगंज (रायबरेली)। किशोरी की हत्या के मामले में परिवारजन ने शनिवार को शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। परिवारजन समेत मोहल्लेवासियों का आरोप था कि घटना में किशोरी की सहेली समेत अन्य लोग भी शामिल है। आरोपितों पर कार्रवाई की मांग को लेकर लोग विरोध करने लगे। पुलिस अधिकारियों के काफी देर समझाने पर लिखित शिकायत पर कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद परिवारजन शव का अंतिम संस्कार करने को राजी हुए।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक किशोरी 16 अक्टूबर को लापता हो गई थी। 13 दिन बाद शव बरामद कर पुलिस ने मामले में उसके साथी रौनक यादव को हत्या के आरोप में जेल भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शुक्रवार की देर शाम शव घर ले जाया गया। शनिवार की सुबह से ही आस पास के लोग मृतका के घर पहुंचने लगे। परिवारजन समेत अन्य लोगों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिवारजन नहीं माने। परिवारजन हत्या में अन्य लोगों के शामिल होने का भी आरोप लगाने लगे। परिवारजन का कहना था कि पड़ोस में ही रहने वाली एक किशोरी उनकी पुत्री की घनिष्ठ सहेली थी। उसी ने 16 अक्टूबर को आकर रौनक द्वारा उसे बुलाए जाने की सूचना दी थी, जिस पर किशोरी गई थी। यदि किशोरी की सहेली उसके गायब होने की सूचना समय रहते परिवारजन या पुलिस को दे देती तो शायद आज उनकी बेटी जिंदा होती।
परिवारजन का कहना है कि युवक अकेले उनकी पुत्री की हत्या नहीं कर सकता है। हत्या में उसकी सहेली समेत अन्य लोग भी शामिल हैं। मौके पर पहुंचे कोतवाल प्रमोद सिंह ने परिवारजन को आश्वासन दिया कि यदि हत्या में अन्य लोग शामिल हैं तो उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल के आश्वासन व लिखित शिकायती पत्र लेने के बाद परिवारजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए।
दोपहर लगभग एक बजे शव को अंतिम संस्कार के लिए गेगासो गंगा घाट ले जाया गया। कोतवाल का कहना है कि जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।