विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली में डिपो को लेकर अब हर हफ्ते ARM करेंगे समीक्षा; मुख्यालय भेजनी होगी रिपोर्ट

Published: Thu, 24 Sep 2026 04:03 PM (IST)

रायबरेली परिवहन निगम डिपो के कार्यों और बस संचालन की अब हर सप्ताह समीक्षा होगी, क्योंकि प्रबंध निदेशक ने प्रतिफल अपेक्षा के अनुरूप न मिलने पर नाराजगी जताई है।

अब एआरएम हर गुरुवार करेंगे डिपो की समीक्षा।

अब एआरएम हर गुरुवार करेंगे डिपो की समीक्षा।

HighLights

  1. परिवहन निगम डिपो कार्यों की अब साप्ताहिक समीक्षा।

  2. प्रबंध निदेशक ने खराब प्रदर्शन पर जताई नाराजगी।

  3. एआरएम बसों के संचालन, आय की रिपोर्ट देंगे।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। परिवहन निगम डिपो के कार्यों और बस संचालन की अब हर सप्ताह समीक्षा होगी। प्रबंध निदेशक व मंडल के अन्य अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डिपो के कार्यों की समीक्षा की।

इस दौरान रायबरेली डिपो के प्रतिफल अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर अधिकारियों ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) से नाराजगी जताई और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर परिणाम नहीं मिलने पर चेतावनी भी दी गई।

क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि अब एआरएम प्रत्येक गुरुवार को स्वयं बैठकर रायबरेली डिपो के प्रतिफलों की समीक्षा करेंगे। इसमें बसों के डिपो से आने-जाने का समय, प्रत्येक बस ने कितने किलोमीटर की यात्रा की, बसों की डीजल औसत निर्धारित मानक के अनुरूप है या नहीं।

परिचालकों का लोड फैक्टर कितना रहा और निर्धारित स्टापेज पर बसों का ठहराव हो रहा है अथवा नहीं, इसकी जानकारी देखी जाएगी। इसके अलावा बसों के संचालन से मिलने वाली आय, मार्गवार प्रदर्शन और बसों के निर्धारित संचालन में किसी प्रकार की कमी तो नहीं है, इसकी भी निगरानी की जाएगी। कार्यशाला से लेकर अन्य कार्यालयों में निरीक्षण भी किया जाएगा।

समीक्षा के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों की होगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को इन सभी बिंदुओं की समीक्षा के बाद रिपोर्ट तैयार करनी होगी।

यह रिपोर्ट मंडल के अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे डिपो के संचालन और प्रतिफलों की नियमित निगरानी की जा सके। अधिकारियों के निर्देश के बाद अब बस संचालन, डीजल खपत और आय सहित अन्य मानकों पर प्रत्येक सप्ताह निगरानी बढ़ाई जाएगी।

यह भी पढ़ें- भदोही के एडेड माध्यमिक विद्यालयों को मिले 77 नए शिक्षक, 12 ने ग्रहण किया कार्यभार