रायबरेली में बिना बैरिकेडिंग लगाए खोदी पुलिया, गड्ढे में गिरे बाइक सवार चार दोस्त
रायबरेली के सतांव गांव में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण चार दोस्त बाइक समेत बिना बैरिकेडिंग वाली पुलिया के गड्ढे में गिरकर घायल हो गए।

HighLights
रायबरेली में बिना बैरिकेडिंग खोदी पुलिया में गिरे चार दोस्त।
लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से हुआ यह हादसा।
घायलों में एक को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जागरण, सतांव (रायबरेली)। जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण सोमवार की रात चार दोस्त हादसे का शिकार हो गए। एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी जतुवा टप्पा से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार किया गया। जबकि तीनों का इलाज वहीं किया गया।
सतांव गांव में विगत कई वर्षो से बड़ी नाली की पुलिया जर्जर है। पुलिया निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से टेंडर कराया गया। टेंडर लेने वाले ठेकेदार कार्य को लेकर कितना गंभीर हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सोमवार की देर शाम बिना बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाए ही पुलिया की खोदाई करा दी गई।
नतीजा देर रात बाइक से जा रहे सतांव गांव के चार मित्र संदीप, पंकज, विशाल व शुभम बाइक समेत गड्ढे में जा गिरे। हादसे में चारों घायल हो गए। चीख पुकार सुन पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद संदीप को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। इनमें से किसी ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद मंगलवार को विभाग द्वारा कर्मचारियों को भेजकर बैरिकेडिंग कराई गई है। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ प्रमोद सिंह राणा का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। संबंधित ठेकेदार को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।
