दीपावली पर चलाई जाएंगी 3 स्पेशल ट्रेनें; यूपी, बिहार और पंजाब के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रेलवे ने दीपावली पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रायबरेली से होकर तीन स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दीपावली के लिए रायबरेली होकर तीन स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
वाराणसी-दिल्ली, फिरोजपुर-पटना, वाराणसी-चंडीगढ़ रूट पर संचालन।
यात्रियों को भीड़ से राहत मिलेगी, आवागमन होगा आसान।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। दीपावली के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रायबरेली होकर तीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का रेल मार्ग चार्ट जारी कर दिया गया है। इससे दिल्ली, पंजाब, बिहार और चंडीगढ़ की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
दीपावली इस बार आठ नवंबर को है। त्योहार के आसपास बड़ी संख्या में लोग दूसरे शहरों से अपने घर लौटते हैं और त्योहार के बाद वापस भी जाते हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है।
इसे देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की है। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि वाराणसी से दिल्ली के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन दो अक्टूबर से 28 नवंबर तक किया जाएगा।
तीनों ट्रेनें रायबरेली स्टेशन होकर गुजरेंगी
वहीं फिरोजपुर से पटना के बीच ट्रेन छह अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगी। वाराणसी से चंडीगढ़ के बीच स्पेशल ट्रेन एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक संचालित की जाएगी। तीनों ट्रेनें रायबरेली स्टेशन होकर गुजरेंगी।
यातायात निरीक्षक ने बताया कि तीनों स्पेशल ट्रेनों का रेल मार्ग चार्ट आ गया है। यात्रियों की सुविधा और त्योहार के दौरान अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए इन ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। स्पेशल ट्रेनों के चलने से नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम होने और यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
