मुख्य संरक्षा आयुक्त ने घंटेभर तक की पड़ताल
संसू, हरचंदपुर (रायबरेली) : न्यू फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन हादसे की पड़ताल करने रेलवे के मुख्य
संसू, हरचंदपुर (रायबरेली) : न्यू फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन हादसे की पड़ताल करने रेलवे के मुख्य संरक्षा आयुक्त गुरुवार शाम हरचंदपुर स्टेशन पहुंचे। करीब एक घंटे तक वे स्टेशन पर रुके। इस दौरान सिग्नल एंड टेलीकॉम की व्यवस्थाओं को परखा और सील किए गए रिले रूम को भी खोलवाकर देखा।
हरचंदपुर में हुए इस हादसे की छानबीन मुख्य संरक्षा आयुक्त एसके पाठक की ओर से की जाएगी। इसी के तहत मुख्य संरक्षा आयुक्त गुरुवार को रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। सबसे पहले उन्होंने उस जगह का निरीक्षण किया, जहां पर ट्रेन बेपटरी हुई थी। ट्रेन की बोगियों को देखा। फिर वहीं पर लगे सिग्नल और टेलीकॉम के एक बॉक्स को खुलवाया। करीब बीस मिनट तक उसकी जांच की। अफसरों से नक्शा भी मंगाकर देखा। इस बॉक्स की छानबीन के बाद वे स्टेशन पर वापस पहुंचे। स्टेशन मास्टर के कमरे तक गए। इधर-उधर नजरें दौड़ाई। इसके बाद वापस उस रिले रूम के पास पहुंचे, जिसे घटना के दिन सील किया गया था। मुख्य संरक्षा आयुक्त ने रिले रूम की सील खोलवाई। करीब आधे घंटे तक वे रिले रूम में ही रहे। यहां गहन पड़ताल की। फिर वापस लौट गए। डीआरएम और चंद अफसर ही रहे मौजूद
मुख्य संरक्षा आयुक्त की यह जांच बेहद गोपनीय रही। जिस वक्त छानबीन चल रही थी, उस समय आसपास किसी को भी आने-जाने की अनुमति नहीं मिली। सिर्फ डीआरएम और आयुक्त के साथ आए कुछ अफसर ही वहां मौजूद थे। यहां तक कि एसएंडटी विभाग के अफसरों व कर्मचारियों को आयुक्त के आसपास जाने की अनुमति नहीं थी। जो लोग थे, उन्हें भी बाद में हटा दिया गया।