दो दिवसीय कार्यशाला के लिए आज आएंगी प्रियंका
रायबरेली कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को पार्टी की कार्यशाल
रायबरेली : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को पार्टी की कार्यशाला के दो दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। उनका पूरा फोकस प्रशिक्षण कार्यक्रम रहेगा। फिलवक्त क्षेत्र भ्रमण के संबंध में कोई सूचना प्रशासनिक अमले को नहीं दी गई है।
वैसे तो जिला व शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सुबह के वक्त मुख्य चौराहों पर मुस्तैद रहने के लिए संदेश भेज दिया गया है। मगर, प्रशासनिक अमले से मिली जानकारी के मुताबिक प्रियंका तीन बजे के बाद भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचेंगी। फिर 24 अक्टूबर की शाम वह प्रस्थान करेंगे। दिल्ली के लिए वह कितने समय निकलेंगे, इसका समय नहीं दिया गया है। वह लखनऊ से वाया सड़क मार्ग रायबरेली आएंगी। चुरुआ बार्डर से लेकर बछरावां, हरचंदपुर, त्रिपुला, रतापुर, सारस होटल, सिविल लाइंस और गोरा बाजार में उनका स्वागत करने की तैयारी कांग्रेसियों ने कर रखी है। गौरतलब है कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिर्फ नवगठित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य भाग लेंगे। जिला कांग्रेस को इससे पूरी तरह दूर रखा गया है। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रियंका गेस्ट हाउस में ही रहेंगी।
पार्टी बदलने की सुगबुगाहट फिर तेज
हाल ही में सदर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह को लेकर राजनैतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं थी। हालांकि वो चर्चाएं किसी अंजाम तक नहीं पहुंच सकी हैं। मगर, अब एक नई सुगबुगाहट हो रही है। अदिति के ही परिवार के एक सदस्य कांग्रेस से जुड़ने वाले हैं। पार्टी में इस बात को लेकर गुपचुप तरीके से विचार विमर्श चल रहा है। हालांकि संगठन के किसी पदाधिकारी ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। मगर, दावा किया जा रहा है कि एक-दो दिन में वो शख्स कांग्रेस की सदस्यता ले लेगा।