पालिका मेहरबान, चौबीस घंटे मिलेगा पानी
रायबरेली होली पर प्रशासनिक अफसरों ने भी कमर कस ली है। ग्रामीण अंचलों में कोई घटना
रायबरेली : होली पर प्रशासनिक अफसरों ने भी कमर कस ली है। ग्रामीण अंचलों में कोई घटना न हो इसके लिए थानेदार अराजकतत्वों पर नजर रखेंगे। वहीं विपरीत परिस्थितियों में इमरजेंसी कक्ष में इलाज कराने की व्यवस्था की गई है। शहर वासियों पर पालिका की इनायत कुछ खास ही रहेगी। होली के दिन दिन चौबीस घंटे की पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इसके अलावा चिह्नित स्थानों पर टैंकर भी रखवाए जाएंगे।
खूब खेलो रंग, नहीं होगा पानी कम
जी हां, होली पर इस बार पालिका की मेहरबानी शहरवासियों पर रहेगी। होली के दिन चौबीस घंटे की पानी आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। नगर पालिका परिषद अधिशासी अधिकारी बीएम मिश्र ने बताया कि पानी की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। देवानंदपुर, सुपर मार्केट, डिग्री कॉलेज चौराहा, कैपरगंज और अस्पताल चौराहा पर पानी के टैंकर रखवाए जाएंगे।
इमरजेंसी कक्ष में किए गए इलाज के इंतजाम
खुशियों के पर्व पर किसी अनहोनी से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी इंतजाम किए हैं। जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में एक कक्ष अलग से बना दिया गया है, ताकि कोई अनहोनी पर लोगों को उसमें भर्ती कराया जा सके। इमरजेंसी कक्ष के सभी डॉक्टरों से सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
कोट
शहर में 287 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। साफ-सफाई और चूने का छिड़काव कराया जाएगा। इसके लिए आशुतोष सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। पानी की कमी भी नहीं होने दी जाएगी।
-पूर्णिमा श्रीवास्तव, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद