यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 06, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एक कनेक्शन कटवाने को छह माह से दौड़ रहा बुजुर्ग
बिजली विभाग के अफसरों की ढिलाई से निरंकुश हुए विद्युत वितरण खंड प्रथम के बाबू

रायबरेली : करीब नौ साल से बंद पड़े एक कनेक्शन के स्थायी विच्छेदन के लिए 70 वर्षीय बुजुर्ग छह महीने के बिजली विभाग के चक्कर काट रहा है। लेकिन, उसका काम नहीं हो रहा। यह कारनामा है विभाग के एक बाबू का। जिसे न तो उच्चाधिकारियों के आदेशों की फिक्र है और न ही पीड़ित के सीनियर सिटिजन होने का ख्याल।
शहर में स्टेशन रोड निवासी कृष्णाकमल तिवारी की यहीं पर एक दुकान है। जिसने कृष्णा कमल ने किराए पर दिया था। दुकानदार ने बिजली विभाग से अपने नाम एक कनेक्शन लिया था। नौ सालों से ये दुकान बंद पड़ी है। लेकिन, विभाग का मीटर चलता रहा। पिछले साल दूसरे किराएदार के आने पर दोबारा कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया। विभाग ने 1 लाख 60 हजार का बकाया बताकर कनेक्शन देने से इन्कार कर दिया। जनवरी में काफी दौड़भाग के बाद अफसरों की कमेटी बनाकर जांच कराई गई तो हकीकत सामने आ गई। इस को रिपोर्ट आए भी पांच महीने बीत चुके हैं। मगर, बुजुर्ग की समस्या फिर भी दूर न हुई।
बाबुओं ने दिखाई बाबूगीरी
विद्युत वितरण खंड प्रथम के बाबुओं ने मामले को उलझा दिया है। भुक्तभोगी का कहना है कि वर्ष 2012 में उसका बिल करीब साढ़े पांच हजार था। इधर, बीती जनवरी में हुई जांच में अफसरों ने नौ महीने से कनेक्शन कटा पाया था। ऐसे में तो बिल घट जाना चाहिए। लेकिन, विभाग के कर्मचारियों ने उसे 16 हजार का बिल थमा दिया। अब इसे ठीक कराने के लिए दौड़ लगा रहा हूं।
फौजी ने छोड़ी न्याय की आस
विद्युत वितरण खंड प्रथम में फौजी प्रेम प्रकाश से अवैध वसूली का मामला अब भी लंबित पड़ा है। हालांकि, अफसरों ने कागज पर इसे निपटा दिया है। लेकिन, सेना का जवान अब तक संतुष्ट नहीं। होगा भी कैसे, जिम्मेदारों ने कार्रवाई के नाम पर कोरम जो पूरा किया। डलमऊ के कुरौली दमा निवासी फौजी का कहना है कि दफ्तर के बाबू ने अस्थायी कनेक्शन के लिए छह हजार रुपये ऐंठ लिए। प्रकरण लखनऊ मुख्यालय तक पहुंचा। एमडी तक ने आदेश दिए। फिर भी अफसर भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने में कामयाब हो गए। अब ऐसे में न्याय की उम्मीद करें भी तो किससे।
कोट
बिजली कनेक्शन के स्थायी विच्छेदन का यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। इस बारे में पता कराया जाएगा। देखा जाएगा कि लापरवाही किस स्तर पर हुई। इसके बाद उचित कार्रवाई होगी।
ओपी सिंह, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड प्रथम