रायबरेली में ‘दिशा’ की बैठक में पहुंचे सांसद राहुल गांधी, बचत भवन के बाहर सपा विधायकों ने किया विरोध प्रदर्शन
Disha Meeting in Raibareilly: बचत भवन में हो रही इस बैठक में रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह के न पहुंचने से अफवाहों का बाजार गर्म है।
HighLights
जिले में केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा
रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह के न पहुंचने से अफवाहों का बाजार गर्म
डिजिटल डेस्क, रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी की अध्यक्षता में बुधवार को दिशा की बैठक शुरु होने से पहले ही समाजवादी पार्टी के विधायकों ने हंगामा किया। बचत भवन में हो रही इस बैठक में रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह के न पहुंचने से अफवाहों का बाजार गर्म है।
रायबरेली सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में दिशा की बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की जानी है। दिशा बैठक में राहुल गांधी के साथ अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा, कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे, राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी, सलोन विधायक अशोक कुमार, बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती व सरेनी के विधायक देवेंद्र सिंह मौजूद हैं।
सपा विधायकों ने खोल दिया मोर्चा
रायबरेली में दिशा की बैठक शुरू होने से पहले सपा विधायकों ने मोर्चा खोल दिया। सपा विधायक राहुल लोधी और श्याम सुंदर भारती ने तख्तियां लेकर दिशा बैठक हाल के बाहर प्रदर्शन किया। सपा विधायकों ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए।
सपा विधायकों का आरोप है कि प्रदेश में स्कूल बंद हैं और फर्जी मुकदमे लिखे जा रहे हैं। इतना ही नहीं जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं। विधायकों ने सवाल उठाया कि जब जिले में आम लोगों की समस्याएं जस की तस हैं, तो ऐसे में दिशा की बैठक का क्या औचित्य है। दोनों सपा विधायक बैठक स्थल के बाहर विरोध जताते नजर आए।
रायबरेली कलेक्ट्रेट में करीब ढाई घंटे बैठक से पहले राहुल गांधी ने बुधवार सुबह जनता दरबार लगाया, जहां महिला कांग्रेस नेता ने उन्हें राखी बांधी। राहुल ने यहां समाजवादी पार्टी के नेताओं से भी मुलाकात की। कार्यक्रमों के बाद राहुल लखनऊ से दिल्ली रवाना हो गए। 2024 में सांसद बनने के बाद राहुल का यह आठवां रायबरेली दौरा था। इससे पहले वह 19-20 मई को दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली आए थे।
