ट्रेन की पटरियों के बीच लेटा था युवक, लोको पायलट के इमरजेंसी ब्रेक लगाते ही थम गई यात्रियों की सांसें
रायबरेली के डलमऊ में एक युवक नशे की हालत में रेलवे ट्रैक की पटरियों के बीच लेट गया। कानपुर-ऊंचाहार-रायबरेली पैसेंजर ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
युवक नशे की हालत में रेलवे ट्रैक पर लेटा, ट्रेन गुजरी।
लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर युवक को बचाया।
पटरियों के बीच लेटे होने से युवक की जान बच गई।
संवाद सूत्र, डलमऊ (रायबरेली)। क्षेत्र के नाथखेड़ा गांव के पास रेलवे ट्रैक की दोनों पटरियों के बीच युवक लेट गया। इसी दौरान कानपुर-ऊंचाहार-रायबरेली पैसेंजर ट्रेन वहां से गुजरने लगी।
युवक को ट्रैक पर पड़ा देखकर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक इंजन उसके ऊपर से गुजर गया। गाड़ी रुकने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला।
गनीमत रही कि युवक दोनों पटरियों के बीच लेटा होने के कारण बाल-बाल बच गया। लोको पायलट ने घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी।
चौकी प्रभारी अमरेश द्विवेदी ने बताया कि लालगंज व डलमऊ स्टेशन के मध्य रजत निवासी नाथखेड़ा का घर रेलवे लाइन के पास ही है। जो नशे की हालत में वह ट्रैक पर पहुंचकर दोनों पटरियों के बीच लेट गया था। अधिक नशे के कारण वह हिल-डुल नहीं सका।
पुलिस ने युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया और भविष्य में इस तरह की घटना न होने के लिए परिजनों को सतर्क रहने के लिए समझाया गया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर से शकूरबस्ती तक चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन, नेपाल बॉर्डर के यात्रियों को भी आवागमन में होगी सुविधा
