पेड़ पर लटके मिले नाबालिग प्रेमी युगल के शव, हत्या की आशंका Raebareli News
एक ही मुहल्ले में रहते थे दोनों नाबालिग गुरुवार रात अचानक हुए थे लापता। डाग स्क्वायड के आने से पहले ही पुलिस ने फंदे से उतार दिए दोनों का शव।
रायबरेली, जेएनएन। थाना क्षेत्र के ढ़ेकवा गांव में शुक्रवार की सुबह नाबालिग प्रेमी युगल के शव संदिग्ध हालत में पेड़ से लटके मिले। लड़के के चाचा ने हत्या की आशंका जताते हुए डाग स्क्वायड बुलाने की मांग की। मगर, इसके पहले पुलिस ने उसके घरवालों को समझाकर शव फंदे से नीचे उतार लिए। बाद में डाग स्क्वायड आया, लेकिन तब तक पंचनामा किया जा चुका था। इस सनसनीखेज घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
ढ़ेकवा गांव निवासी रामेश्वर का मंझला बेटा विमलेश (17) पड़ोस के ही महिपाल की पुत्री आरती (16) से प्यार करता था। दोनों डेढ़ वर्ष से एक दूसरे के करीब थे, घरवाले इस रिश्ते के लिए राजी न थे। गुरुवार रात लगभग 11 बजे दोनों घर से गायब हो गए। परिवारीजनों ने रातभर खोजबीन की। सुबह सात बजे के लगभग गांव के बाहर रामदीन यादव की बाग में उन दोनों के शव नीम के पेड़ पर रस्सी से लटके मिले। आनन-फानन घरवाले पहुंचे और रोने बिलखने लगे।
उधर, विमलेश के चाचा भगवानदीन ने हत्या की आशंका जतायी। साथ ही डाग स्क्वायड बुलाकर जांच कराने के लिए कहा। स्थानीय पुलिस ने इस बाबत लखनऊ मुख्यालय सूचना भेज दी। उसके पहले दोपहर लगभग 12 बजे लड़के के घरवालों को समझाकर स्थानीय पुलिस ने शव पेड़ से नीचे उतार लिए। डाग स्क्वायड एक बजे आया, तब तक पंचनामा हो चुका था।
वहीं प्रेमी युगल की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर शिवगढ़ के अलावा महराजगंज, बछरावां सहित अन्य कई थानों की फोर्स मौके पर बुला ली गई। क्षेत्राधिकारी आरपी शाही का कहना है कि मृतकों के घरवालों ने हत्या की आशंका नहीं जतायी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप