रायबरेली से फरवरी में प्रयागराज समेत तीन रूटों पर होगा बस संचालन, ग्रामीण यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
लालगंज बस स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है, जिससे फरवरी के पहले सप्ताह से बसों का नियमित संचालन ...और पढ़ें

लालगंज बस स्टेशन से फरवरी में शुरू होगा प्रयागराज समेत तीन मार्ग पर बस संचालन।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रायबरेली। लालगंज क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन निगम डिपो द्वारा लालगंज बस स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। फरवरी माह के प्रथम सप्ताह से यहां से बसों का नियमित संचालन शुरू किया जाएगा। बस स्टेशन के चालू होने से लालगंज सहित आसपास के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
फरवरी के पहले सप्ताह में लालगंज से प्रतापगढ़, लालगंज से प्रयागराज तथा लालगंज-भोजपुर-कानपुर मार्ग पर एक-एक बस का संचालन शुरू किया जाएगा।
भविष्य में यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। बस स्टेशन के शुरू होने के साथ ही यहां तैनात स्टाफ की संख्या में भी बढ़ोतरी की जाएगी, जिससे संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।
नए बस स्टेशन के बनने से लालगंज के व्यापारियों में भी खुशी का माहौल है। व्यापारी धीरन सोनकर, रामलखन का मानना है कि बसों के संचालन से आवागमन बढ़ेगा, जिससे बाजार में रौनक आएगी और व्यापार को गति मिलेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी का कहना है कि फरवरी के प्रथम सप्ताह में तीन रूट प्रयागराज, कानपुर, प्रतापगढ़ पर बसों का संचालन लालगंज बस स्टेशन से ही की जाएगी। इसके साथ ही बांदा व फतेहपुर व लखनऊ, बाराबंकी से सीधे बछरावां से लालगंज जाने वाली बसों का भी स्टापेज हाेगा।
