मूर्ति स्थापना करने पर मिली थी अंजाम भुगतने की धमकी
धर्म परिवर्तन से चिढ़े लोगों ने मूर्ति और झंडा हटाने की दी थी चेतावनी
रायबरेली : धर्म परिवर्तन करने वाले युवक के घर में आग लगाने की पटकथा एक सप्ताह पहले ही लिख गई थी। अराजकतत्वों ने उसे चेतावनी भी दी थी और फिर वारदात को अंजाम भी दे डाला। पुलिस के पहुंचने से गांव में हालात नियंत्रण में आए। हिदू संगठनों ने इस वारदात को लेकर खासा आक्रोश जताया है। संगठनों ने पुलिस से इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
करीब चार माह पहले देव प्रकाश ने हिदू धर्म अपनाया। वह मंदिर में पूजा अर्चना करने जाने लगा। एक हफ्ते पहले उसने घर के बगल ही भगवान शिव और हनुमान की मूर्तियां स्थापित कर दीं। वहीं पर भगवा रंग का झंडा लगा दिया। ये बात गांव के कुछ लोगों को बहुत ज्यादा अखर गई। उन्होंने देव प्रकाश के घर जाकर कहा कि ये सब हटा लो, वरना अंजाम भुगतना पड़ जाएगा। युवक ने उनकी बातों को अनसुना कर दिया और फिर इतनी बड़ी वारदात हो गई। गनीमत रही कि उसके घर में पीछे का दरवाजा था, वरना बड़ा कांड हो जाता।
आंदोलन की चेतावनी
रतासो गांव में हुई वारदात से हिदूवादी नेता काफी गुस्से में हैं। जिला धर्म जागरण प्रमुख रामसजीवन ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सीओ से आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। रामसजीवन ने कहा कि तहसील दिवस में युवक को अनवर के नाम से नहीं बल्कि देव प्रकाश के नाम से जाना पहचाना जाए। इसके लिए प्रार्थना पत्र दिया गया था। उसकी भी कागजी कार्रवाई लेखपालों की खाऊ कमाऊ नीति से अधर में लटकी हुई है।