बगैर किसी पारिवारिक पृष्ठभूमि के राजनीति में चमके डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय, सपा के बाद भाजपा सरकार में मंत्री
Dr Manoj Kumar Pandey: डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली।

मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय
HighLights
रायबरेली के ऊंचाहार से समाजवादी पार्टी से लगातार तीन बार के विधायक
रायबरेली जिले में नगर पालिका परिषद के चुनाव से शुरू किया राजनीतिक सफर
जागरण संवाददाता, रायबरेली। डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय रायबरेली जनपद की राजनीति में एक ऐसा नाम है, जिसको सेल्फ मेड सोशल वर्कर की संज्ञा दी जा सकती है। यह एक ऐसा नाम जिसने बगैर किसी पारिवारिक पृष्ठभूमि के राजनीति में किस्मत आजमाने का साहस किया और सफल रहा।
डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने राजनीतिक रूप से बेहद समृद्ध और कांग्रेस के गढ़ रायबरेली जिले में नगर पालिका परिषद के चुनाव से अपने भविष्य की शुरुआत करते हुए प्रदेश की राजनीति में अपना वर्चस्व कायम किया है। नगर पालिका परिषद प्रदेश अध्यक्ष से लेकर समाजवादी पार्टी की सरकार में कैबिनेट मंत्री व मुख्य सचेतक के पद पर विराजमान रहे डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली।
रायबरेली में निराला नगर निवासी डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने छात्र जीवन से ही सेवा और राजनीति को जीवन का आधार बनाया। इनके पिता स्व. डॉ. रमाकांत पांडेय एक दवा व्यवसाई थे। परिवार में किसी भी प्रकार की राजनीतिक पृष्ठभूमि न होने के बावजूद डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने वर्ष 2001 में भारतीय जनता से नगर पालिका परिषद का चुनाव लड़ा और भारी मतों से जीत दर्ज की। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष चुने गए। इनको नगर पालिका परिषद का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने इसके बाद समाजवादी पार्टी का दामन थामा और वर्ष 2012 में ऊंचाहार से बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य को शिकस्त देते हुए विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद सपा शासन काल में राज्य मंत्री फिर कैबिनेट मंत्री के पद पर आसीन हुए। इसके बाद इन्होंने ऊंचाहार विधानसभा में जैसे अपना झंडा गाड़ दिया। समाजवादी पार्टी से पाण्डेय 2012, 2017 और 2022 में लगातार तीन बार विधायक निर्वाचित हुए।
यह भी पढ़ें- योगी आदित्यनाथ सरकार 2.0 के दो मंत्रियों को प्रमोशन, मंत्रिमंडल विस्तार में जन भवन में शपथ लेंगे कुल आठ मंत्री
भाजपा शासन काल में वर्ष 2024 में राज्यसभा सांसद के चुनाव में दल से बगावत करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को समर्थन दिया था। इसके बाद भारत के गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया। डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय लगातार भाजपा के लिए जनसभाओं समेत क्षेत्र के विकास कार्य कर रहे हैं।
