दीपावली और छठ पर घर जाना आसान, कानपुर और लखनऊ से हाेकर दिल्ली जाएंगी 66 रोडवेज बसें
दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रायबरेली डिपो से दिल्ली के लिए 66 अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू की जाएंगी।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
दीपावली-छठ पर दिल्ली के लिए 66 अतिरिक्त बसें।
रायबरेली डिपो से लखनऊ-कानपुर होकर संचालन।
35 से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को लाभ।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने दिल्ली के लिए बसों के फेरे बढ़ाने की तैयारी की है।
रायबरेली डिपो से लखनऊ होकर दिल्ली के लिए 56 बसों का संचालन किया जाएगा। वहीं कानपुर होकर दिल्ली जाने वाली 10 बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। इस तरह दिल्ली मार्ग पर 66 अतिरिक्त बस सेवाओं का संचालन किया जाएगा। इससे जिले के 35 से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों और कस्बों के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
रायबरेली डिपो में निगम की 94 और अनुबंधित 73 बसें हैं। गदागंज, ऊंचाहार, सरेनी, भोजपुर, चंदापुर, नसीराबाद, शिवगढ़, खीरों समेत ग्रामीण क्षेत्रों से लखनऊ होकर दिल्ली जाने वाली 36 बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।
दिल्ली की ओर जाएंगी 66 रोडवेज बसें
इसके अलावा रायबरेली डिपो से लखनऊ जाने वाली 20 बसों को दिल्ली तक संचालित किया जाएगा। वहीं रायबरेली से कानपुर होकर दिल्ली तक पहले से 10 बसों का संचालन हो रहा है।
त्योहार पर इस मार्ग की 10 बसों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन का कहना है कि दीपावली और छठ पर्व पर दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा होता है। ऐसे में यात्रियों को बसों के लिए इंतजार न करना पड़े, इसके लिए अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के 35 से अधिक कस्बों को जोड़ते हुए बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे लोगों को अपने नजदीकी स्थान से दिल्ली जाने की सुविधा मिलेगी। त्योहार को देखते हुए छह से 17 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए चालक और परिचालकों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है।
बस स्टेशन पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से बसों के संचालन और यात्रियों की भीड़ पर नजर रखी जाएगी। अभियान के दौरान निर्धारित मानक के अनुसार ड्यूटी करने वाले चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त बस सेवाओं से त्योहार पर यात्रियों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।