अनामिका कांड से संभला विभाग, अब हर किसी पर नजर
मानव संपदा पोर्टल पर फीडिग सर्वर की धीमी रफ्तार बन रही रोड़ा
रायबरेली : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में अनामिका कांड और परिषदीय विद्यालयों में फर्जी दस्तावेजों के सहारे शिक्षकों के भर्ती के राजफाश होने के बाद विभाग संभल गया है। अब ऐसे शिक्षक और कर्मचारियों की जांच शुरू करा दी गई है। साथ ही उन पर नजर रखने के लिए मानव संपदा पोर्टल पर फीडिग भी कराई जा रही है। इसकी अंतिम तिथि 15 जुलाई तय की गई। हालांकि फीडिग के दौरान सर्वर की धीमी रफ्तार से जरूर परेशानी हो रही है।
एक क्लिक से मिल जाएगी पूरी जानकारी
बेसिक शिक्षा विभाग के तहत संचालित विद्यालयों में तैनात अध्यापकों व कर्मचारियों का विवरण मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। फीडिग प्रक्रिया पूरी होने के बाद महज एक क्लिक से पूरी जानकारी सामने आ जाएगी। साथ ही सर्विस बुक भी पूरी तरह ऑनलाइन हो जाएगी। गौरतलब है कि प्रेरणा एप के माध्यम से अध्यापकों को अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी जा रही है।
फीडिग के दौरान ही खुला था अनामिका कांड
मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड शैक्षिक अभिलेखों के माध्यम से ही कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की चर्चित अध्यापिका अनामिका शुक्ला के नाम से चल रहा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया था। इसके बाद विभाग सक्रिय हो गया है। अब हर किसी के विवरण को फीड कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कोट
क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक , शिक्षामित्र ,अनुदेशक सहित 626 लोगों के शैक्षिक अभिलेखों सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। सर्वर की सुस्त रफ्तार के चलते डाटा संशोधन में समस्या आ रही है। समय रहते कार्य को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
-पद्मशेखर मौर्य, खंड शिक्षा अधिकारी