भारी बारिश से गिरी धान व गन्ने की फसल, किसान मायूस
सब्जी की फसल पूरी तरह से चौपट उड़द मूंगफली को भी नुकसान
रायबरेली : लगातार बारिश से धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में अत्यधिक जलभराव और तेज हवा के चलते धान व गन्ने की फसलें गिर गईं। सब्जी की फसल भी पूरी तरह से चौपट हो गई। उड़द, मूंगफली समेत अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
जिले में करीब 90 हजार हेक्टेयर में इस बार धान की खेती की गई थी। कड़ी मेहनत करके किसानों ने फसल तैयार की। लहलहाती धान की फसल में बालियां निकलने लगी थीं। इस बीच बुधवार से बारिश शुरू हुई तो किसानों के चेहरे खिल उठे थे। यह बारिश जब लगातार दूसरे, तीसरे दिन होती रही तो उनकी मुसीबतें बढ़ने लगीं। जरूरत से ज्यादा खेतों जल जमाव होने से धान की फसल गिरने लगीं। यह देख किसान मायूस हो गए। फसल गिरने से उत्पादन प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। कृषि विशेषज्ञ आरके कनौजिया ने बताया कि बारिश से सभी फसलें प्रभावित हुई हैं। कोशिश करें कि खेत का पानी मेड़ काटकर बाहर निकालें।
इन गांवों में फसलें प्रभावित
ऊंचाहार के दौलतपुर, गुलरिहा, पचखरा, पूरे त्रिभवन, शहजादपुर, कोटिया चित्रा, रामसांडा, पूरनशाहपुर, किशुनदासपुर आदि गांवों में बारिश से फसल गिर गई। वहीं उड़द, तिल्ली की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। जगतपुर के कौशल किशोर की धान की फसल गिर गई है। सरेनी के उसरी निवासी विजय सिंह की पांच बीघा धान और गन्ने की फसल गिर गई।
बैंगन, तोरई व लौकी की फसलें नष्ट
पूरे त्रिभुवन मजरे शहजादपुर गांव के किसान राजाराम, विजय कुमार, संतोष कुमार, शिव मोहन ने बताया कि खेतों में तैयार खीरा, टमाटर, बैंगन, फूल गोभी समेत लौकी, कद्दू, तोरई की फसल जलभराव होने के कारण नष्ट हो गई। जगतपुर के दौलतपुर गांव निवासी राज बहादुर मौर्य, उड़वा के राम बहादुर मौर्य, रामसेवक मौर्य, सहदेव मौर्य सब्जी की खेती करते हैं। इन सभी किसानों को भारी नुकसान हुआ।