भाजपा कार्यकर्ता ने दंपती को पीटा, केस दर्ज
सलोन (रायबरेली) छत के ऊपर से बिजली की केबल ले जाने से रोकने पर भाजपा के एक कार्यकर्ता
सलोन (रायबरेली) : छत के ऊपर से बिजली की केबल ले जाने से रोकने पर भाजपा के एक कार्यकर्ता और उसके चाचा ने एक दंपती की पिटाई कर दी। दोनों को लहूलुहान हालत में पीएचसी पहुंचाया गया। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा बिजवलिया निवासी इंद्रेश द्विवेदी भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता है। ग्रामीणों के मुताबिक बुधवार की शाम इंद्रेश और उसके चाचा शिवमोहन बिजली की केबल खींच रहे थे। दोनों यह केबल मिश्री लाल की छत के ऊपर से ले जा रहे थे। जिसका मिश्री लाल और उसकी पत्नी फूलमती ने विरोध किया। इसी बात से गुस्साए इंद्रेश और उसके चाचा ने लाठी डंडों से पति-पत्नी की पिटाई कर दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कोतवाल राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि किसी को कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है। पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई भी होगी।