रायबरेली में गोरखपुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन में फंसी बाइक, केस दर्ज
Vande Bharat Express: वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से गुजर रही थी। तभी एक अज्ञात बाइक सवार मानव रहित रेलवे क्रासिंग पार करने लगा।

बाइक गोरखपुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई
HighLights
मानव रहित रेलवे क्रासिंग पार कर रहा था एक अज्ञात बाइक सवार
बाइक के नंबर के आधार की जाएगी उसके मालिक और चालक की पहचान
जागरण संवाददाता, रायबरेली। ऊंचाहार से कुंडा रेलवे स्टेशन के बीच मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर एक बाइक गोरखपुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। बाइक ट्रेन के अगले हिस्से में फंस गई।
घटना के बाद ट्रेन को कुछ देर तक रोकना पड़ा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से गुजर रही थी। तभी एक अज्ञात बाइक सवार मानव रहित रेलवे क्रासिंग पार करने लगा। इसी बीच ट्रेन आ गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
ऊंचाहार स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक एसके सिंह यादव का कहना है कि बाइक को कब्जे में लेकर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। बाइक के नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।