विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आरुषि को सिविल सेवा परीक्षा में मिली 229वीं रैंक

By JagranEdited By:
Published: Tue, 04 Aug 2020 11:36 PM (IST)

इससे पहले डिप्टी एसपी फिर आईएफएस में हासिल कर चुकी सफलता

आरुषि को सिविल सेवा परीक्षा में मिली 229वीं रैंक
आरुषि को सिविल सेवा परीक्षा में मिली 229वीं रैंक

रायबरेली : जिले की बेटियां कमाल कर रही हैं। खेल हो या फिर शिक्षा जगत। हर जगह सफलता के झंडे लहरा रहीं हैं। देश भर में परिवार और जिले का नाम कर रही हैं। एक बार फिर जनपद की बेटी आरुषि ने सफलता की सीढ़ी पर चढ़ते हुए सिविल सेवा परीक्षा में 229वीं रैंक हासिल कर नाम रोशन किया है।

शहर के बेलीगंज निवासी एडवोकेट अजय मिश्र और सेंट पीटर्स की शिक्षिका नीता मिश्रा की बेटी आरुषि मिश्र पहले भी अपनी मेहनत और लगन से कई परीक्षाओं में सफलता हासिल कर चुकी हैं। आरुषि ने भारतीय वन सेवा परीक्षा 2018 में देश में दूसरा स्थान पाकर जिले को गौरवान्वित किया था। इसके अलावा पीसीएस परीक्षा वर्ष 2017 में डिप्टी एसपी पद पर चयन हुआ था। उसने अपनी आरंभिक शिक्षा सेंट पीटर्स स्कूल से पूर्ण की थी। इसके बाद आइआइटी रुड़की से इंजीनियरिग करने के बाद भारतीय प्रशासनिक सेवाओं में जाने का निर्णय लिया। अपने इस निर्णय को मूर्त रूप देने के लिए पूरे मनोयोग से पढ़ाई शुरू कर दी। इसके बाद सफलता की सीढि़यों पर चढ़ना शुरू किया। डिप्टी एसपी, आइएफएस और अब सिविल सेवा में मुकाम बनाया है।

आरुषि का कहना है कि कड़ी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और बड़ों के आशीर्वाद से सफलता अवश्य मिलती है। उसके मामा बीएन मिश्र का कहना है कि आरुषि बचपन से ही मेधावी थी। दसवीं की परीक्षा में भी जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। आरुषि ने सफलता का श्रेय माता-पिता के कुशल मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग और शिक्षकों को दिया है। विनोद सिंह गौर, एडवोकेट धर्मेंद्र शुक्ल, डॉ. विकास द्विवेदी, डॉ. सीबी सिंह आदि ने खुशी जताई है।