सुपारी किलर ने तार से घोंटा था 'प्रांशू' का गला
रायबरेली डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में स्नातक छात्र की हत्या अवैध संबंधों को लेकर की गई थी। इ
रायबरेली : डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में स्नातक छात्र की हत्या अवैध संबंधों को लेकर की गई थी। इसके लिए उसी के गांव के शख्स ने एक शातिर अपराधी को 25 हजार रुपये की सुपारी का ऑफर दिया था। जिसमें से आधी रकम एडवांस में दी गई थी। वारदात में कुल चार लोग शामिल थे, जिनमें से पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश कर दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय ने प्रेस वार्ता में बताया कि 25 फरवरी की सुबह डलमऊ के रसूलपुर धरावां गांव में गंगा किनारे प्रांशू तिवारी पुत्र मदन तिवारी निवासी शेरंदाजपुर की लाश मिली थी। उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। घटना का खुलासा करते हुए बताया कि सुरजीपुर गांव की एक महिला से शेरंदाजपुर निवासी अशोक कुमार उर्फ कल्लन के संबंध थे। उसी महिला से प्रांशू की भी नजदीकियां बढ़ गईं। इसी बात को लेकर दोनों में रंजिश हो गई। कुछ दिनों पहले कल्लन का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें उसका पैर टूट गया। रंजिशन प्रांशू ने उसे धमकाया था कि तुम्हारी दूसरी टांग भी तोड़ दूंगा। यह बात कल्लन को नागवार गुजरी। उसने टिकैतगंज निवासी पिटू जोशी को प्रांशू की हत्या करने के लिए 25 हजार की सुपारी दी। जिसमें से 12500 रुपये पहले दे दिए। हत्या की साजिश में पिटू और कल्लन के अलावा पप्पू जोशी निवासी टिकैतगंज, राजकुमार निवासी भीमगंज भी शामिल थे। 24 फरवरी की रात को खाने-पीने की दावत बताकर प्रांशू को सुरजीपुर शराब ठेका के पीछे बुलाया गया। पहले उसे खूब शराब पिलाई गई। फिर पिटू ने लोहे के तार से उसका गला कसकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद पिटू ने उसे अपनी बाइक पर लादा और पीछे पप्पू को बैठाया। दोनों उसे लेकर रसूलपुर धरावां गए और गंगा किनारे फेंक आए। उसकी बाइक सुरजीपुर के पास ही पूरे गुरुदीन में खड़ी कर दी। इस मामले में पिटू, पप्पू और राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। कल्लन अभी फरार है।
गिरफ्तार हो महिला
उधर, प्रांशू के परिवारजन उस महिला की गिरफ्तारी की भी मांग कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पत्राचार भी किया है। चर्चा तो ये है कि हत्यारोपितों ने प्रांशू को महिला के घर पर बुलाया था। वहीं हत्या की गई। इस साजिश की जानकारी संभवत: महिला को नहीं थी। इसी वजह से पुलिस उसे बचा रही है।