विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली में छठ महापर्व के बाद बढ़ा प्रदूषण, एक दिन में 142 से 184 पर पहुंचा एक्यूआई

Published: Mon, 16 Nov 2026 06:17 PM (IST)

AQI in Raibareilly Increased: शहर में छठ पर्व पर पटाखों के इस्तेमाल करने पर एक्यूआइ बढ़ा है। जिसके नियंत्रण को लेकर प्रयास किए जाएंगे।

कई मोहल्लों में कूड़े के ढेर में आग लगाए जाने से धुआं फैल रहा

कई मोहल्लों में कूड़े के ढेर में आग लगाए जाने से धुआं फैल रहा

HighLights

  1. नगर पालिका क्षेत्र के कई मोहल्लों में कूड़े के ढेर में आग लगाने से फैल रहा धुआं

  2. शहर की हवा में प्रदूषण का स्तर लगातार सामान्य से अधिक

जागरण संवाददाता, रायबरेली। छठ महापर्व के समापन के साथ ही शहर की हवा की गुणवत्ता एक बार फिर बिगड़ने लगी है। सोमवार सुबह से ही शहर में धुंध छाई रही। इसके साथ ही वायु प्रदूषण के स्तर में भी अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई।

शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 15 नवंबर को 142 था, जो 16 नवंबर को बढ़कर 184 पहुंच गया। महज एक दिन में 42 अंकों की बढ़ोतरी ने शहर की आबोहवा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वहीं, नगर पालिका क्षेत्र के कई मोहल्लों में कूड़े के ढेर में आग लगाए जाने से धुआं फैल रहा है। इससे प्रदूषण की समस्या और गंभीर होने की आशंका है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से नगर पालिका क्षेत्र में लगाए गए वायु गुणवत्ता मापक यंत्र के आंकड़ों के अनुसार दीपावली के बाद से ही शहर की हवा में प्रदूषण का स्तर लगातार सामान्य से अधिक बना हुआ है। नौ नवंबर को शहर का एक्यूआई 200 दर्ज किया गया था।

इसके बाद 10 नवंबर को 189, 11 नवंबर को 153 और 12 नवंबर को भी 153 रहा। 13 नवंबर को भी प्रदूषण का स्तर 153 पर स्थिर रहा। वहीं, 14 नवंबर को इसमें गिरावट आई और एक्यूआई 142 पहुंच गया। 15 नवंबर को भी यही स्थिति बनी रही, लेकिन 16 नवंबर को अचानक एक्यूआई बढ़कर 184 हो गया। आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले कुछ दिनों में प्रदूषण के स्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। दीपावली के बाद प्रदूषण में गिरावट आने के बावजूद हवा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है।

छठ पर्व के समापन के अगले दिन ही एक्यूआई में बढ़ोतरी दर्ज होना चिंता का विषय है। शहर में जगह-जगह कूड़ा जलाने, धूल उड़ने और वाहनों से निकलने वाले धुएं को भी प्रदूषण बढ़ने की वजह माना जा रहा है।

नगर पालिका परिषद क्षेत्र में कुल 34 वार्ड हैं। इन वार्डों के मोहल्लों में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की जरूरत है। कूड़े के ढेर में आग लगाए जाने से निकलने वाला धुआं वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। ऐसे में कूड़ा जलाने पर रोक लगाने के साथ नियमित सफाई और धूल नियंत्रण के इंतजाम जरूरी हैं।

लगातार बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह और शाम धुंध के दौरान खुले में अधिक देर तक रहने से बचना चाहिए। वहीं, शहरवासियों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने के लिए कूड़ा जलाने पर प्रभावी रोक और प्रदूषण नियंत्रण के ठोस प्रयास जरूरी हैं।

क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि वायु गुणवत्ता सूचकांक के अनुसार शून्य से 50 तक की स्थिति अच्छी, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बेहद खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आती है।

वर्तमान में रायबरेली का एक्यूआई 184 है, जो मध्यम श्रेणी में है। जिन्होंने बताया कि नगर पालिका व अन्य विभाग को हाल ही में नोटिसें दी गई है। शहर में छठ पर्व पर पटाखों के इस्तेमाल करने पर एक्यूआइ बढ़ा है। जिसके नियंत्रण को लेकर प्रयास किए जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।