लकड़ी वाला चूल्हा न जला पाने पर पत्नी को पीटा, फिर गंगा में डूब मरा
सरेनी : गेंगासो पुल से सोमवार रात गंगा में छलांग लगाने वाले युवक का शव फतेहपुर के रामचंद
सरेनी : गेंगासो पुल से सोमवार रात गंगा में छलांग लगाने वाले युवक का शव फतेहपुर के रामचंद्र गंगा घाट से बरामद कर लिया गया है। घर में सिलंडर खत्म होने पर उसने पत्नी से लकड़ी से चूल्हा जलाने को कहा था। पत्नी ने मना किया तो युवक ने उसकी पिटाई कर दी थी। उसके बाद वह गंगा में कूद गया था। दुखद घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सरेनी थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुरी निवासी राजू पांडेय पुत्र राम मोहन ने सोमवार रात गंगा में छलांग लगा दी थी। गेंगासो पुल पर उसकी बाइक खड़ी मिली थी। वहीं पर उसकी चप्पल भी पड़ी थी। बाइक की डिग्गी में एक सुसाइड नोट मिला था। जिसमें लिखा था कि उसका कोई साथ नहीं दे रहा है। इसलिए वह आत्महत्या कर रहा है। इसके लिए किसी को दोषी न ठहराया जाए। सुसाइड नोट मिलते ही गोताखोरों को खोजबीन में लगा दिया गया था। बुधवार शाम राजू का शव फतेहपुर के रामचंद्र घाट पर बरामद कर लिया गया। रायबरेली पुलिस ने शव अपने कब्जे में ले लिया है। पंचनामा करने के बाद शाम को ही शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं मंगलवार को घाट पर पहुंची राजू पांडेय की पत्नी स्मृति ने बताया कि सोमवार को घर पर सिलंडर में गैस खत्म हो गयी थी। इस पर राजू ने लकड़ी से चूल्हा जलाने के लिए कहा। जब उसने चूल्हा न जला पाने की बात कही तो राजू ने उसकी डंडे से उसकी पिटाई कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर वह अपने बेटे सार्थक (3) को लेकर सत्य नगर, रायबरेली अपने मायके चली गयी थी। उसकी सास रुक्मिणी और ससुर राममोहन छत्तीसगढ़ में रहते हैं। घटना की सूचना पर बुधवार शाम को राजू के माता-पिता भी आ गए हैं।
चौकी इंचार्ज गेंगासो जेपी यादव ने बताया कि राजू के परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसलिए शव को उनके सुपुर्द कर दिया गया है।