दूषित पदार्थ खाने से 40 लोगों की हालत बिगड़ी
बीमारों में आधा दर्जन बचे भी शामिल डलमऊ और लालगंज सीएचसी में हुआ इलाज
रायबरेली : कोतवाली क्षेत्र के दो गांवों में दूषित खाद्य पदार्थ के सेवन से 40 लोगों की हालत बिगड़ गई। इनमें 6 बच्चे भी शामिल हैं। किसी को लालगंज तो किसी को डलमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ लोगों को घर भेज दिया गया। जबकि जिनकी हालत ज्यादा खराब थी, उन्हें भर्ती कर लिया गया।
क्षेत्र के पूरे पठकन निवासी अजय कुमार के घर सोमवार को पूजा थी। इसमें गांव की महिलाओं को आमंत्रित किया गया था। बताते हैं कि महिलाएं यहां से प्रसाद का लड्डू लेकर घर पहुंची और वहां परिवारजन को खिलाया। इसके कुछ देर बार लड्डू खाने वालों की तबीयत बिगड़ने लगी। एक के बाद एक गांव के करीब 36 लोग बीमार हो गए। 6 बच्चे भी उल्टी और दस्त से पीड़ित थे। उधर, पूरे चंदई का एक माली भी पूजा में शामिल होने आया था। उसने भी यहां से लेकर लड्डू अपने गांव में कई लोगों को खिलाया। जिसके बाद आधा दर्जन लोगों को उल्टी और दस्त होने लगे। यह खबर जब फैली तो गांव में खलबली मच गई।
दो घंटे बाद सक्रिय हुए अधीक्षक
ग्रामीणों में लालगंज सीएचसी अधीक्षक के खिलाफ नाराजगी है। उनका कहना है कि सबसे पहले घटना की सूचना लालगंज सीएचसी अधीक्षक को दी गई थी। लेकिन, इसे गंभीरता से नहीं लिया। उच्चाधिकारियों तक मामला पहुंचा तो दो घंटे बाद एंबुलेंस भेजी गई। जिनके माध्यम से 22 मरीज लालगंज तो 18 मरीज डलमऊ सीएचसी ले जाए गए।
स्वास्थ्य टीम पहुंची गांव
लालगंज सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव गौतम का कहना है कि प्रसाद का लड्डू खाने से लोगों के बीमार होने की बात जानकारी में आई है। फिलहाल सभी मरीज खतरे से बाहर हैं। डॉ. संजीव सिंह की अगुवाई में एक टीम गांव भेज कर अन्य ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर दवा दी जा रही है।