यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 28, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कुएं में मिला वृद्धा का शव, हत्या की आशंका
परशदेपुर (रायबरेली) : नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे प्रसाद मजरे संडहा में बुधवार रात लापता हुई वृद्ध

परशदेपुर (रायबरेली) : नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे प्रसाद मजरे संडहा में बुधवार रात लापता हुई वृद्धा का शव गांव से बाहर कुएं में उतराता मिला। परिवारीजनों ने उसका शव निकाला और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे, मगर हत्या की आशंका होने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना के बाबत वृद्धा के घरवालों से पूछताछ की जा रही है।
उक्त गांव निवासी राजपती (65) पत्नी भगवान यादव शाम को खाना खाकर घर के बाहर सो रही थी। गुरुवार सुबह जब उसका पति उठा तो चारपाई पर वृद्धा नहीं थी। घरवालों संग आस पड़ोस के लोग भी उसकी खोजबीन में जुट गए, तभी एक किसान को गांव से लगभग 500 मीटर दूर जागेश्वर के खेत में बने कुएं में एक शव उतराता दिखाई दिया। यह सूचना पूरे प्रसाद गांव पहुंची तो राजपती का भतीजा राजाराम यादव वहां पहुंचा। गांव वालों की मदद से शव को बाहर निकाला और तस्दीक की कि लाश उसकी चाची राजवती की है। परिवारीजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। वहीं सूचना पर पुलिस वहां पहुंच गई और अंतिम संस्कार रोक दिया गया।
उधर ग्रामीणों का कहना है कि वृद्ध दंपती के कोई संतान नहीं थी। हो सकता है कि संपत्ति के लालच में वृद्धा की हत्या करके शव कुएं में फेंक दिया गया होगा। पुलिस भी इसी बिदु को ध्यान में रखकर तहकीकात कर रही है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।