विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायबरेली में होमगार्ड भर्ती दौड़ के दौरान 14 अभ्यर्थियों की बिगड़ी तबीयत, बेहोश होकर गिरे

Published: Wed, 16 Sep 2026 12:10 PM (IST)

रायबरेली में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान भीषण गर्मी और उमस के चलते 14 अभ्यर्थी अचेत होकर गिर पड़े।

अचेत अभ्यर्थी को इमरजेंसी वार्ड में ले जाता स्वास्थ्यकर्मी

अचेत अभ्यर्थी को इमरजेंसी वार्ड में ले जाता स्वास्थ्यकर्मी

जागरण संवाददाता, रायबरेली। पीएसी परिसर में कराई जा रही होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में मंगलवार को अफरातफरी मच गई। दौड़ में शामिल 14 अभ्यर्थी अचानक अचेत होकर गिर गए। आनन-फानन सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सक के अनुसार गर्मी के कारण अभ्यर्थियों को समस्या हुई थी।

शासन द्वारा होमगार्ड भर्ती परीक्षा कराई जा रही है। भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा शहर के गोरा बाजार स्थित 25वीं वाहिनी पीएसी परिसर में मंगलवार से कराई जा रही है। मंगलवार को परीक्षा के लिए प्रतापगढ़, उन्नाव, सुलतानपुर जनपद के अभ्यर्थी पीएसी परिसर पहुंचे।

सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद सुबह आठ बजे से अभ्यर्थियों को परिसर में प्रवेश दिया जाने लगा। सुबह करीब 10 बजे दौड़ शुरू कराई गई।

दौड़ के दौरान 13 अभ्यर्थी अचेत होकर, जबकि एक पैर में चोट लगने के कारण गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि दौड़ के कारण अधिकतर अभ्यर्थियों ने सुबह से कुछ नहीं खाया था, गर्मी के कारण सभी लगातार पानी पी रहे थे, जिसके चलते उमस और तेज गर्मी से चक्कर आने व सांस फूलने के कारण मैदान का पहला चक्कर लगाते ही अभ्यर्थी बेहोश होने लगे।

यह देख आनन-फानन एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें ग्लूकोज आदि आवश्यक दवाएं देकर उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राहत मिलने पर सभी अभ्यर्थी घर चले गए, वहीं पैर में चोट के कारण एक अभ्यर्थी को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- रायबरेली में सलोन नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 13 अक्टूबर को मतदान, 23 हजार वोटर्स करेंगे फैसला

40 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

विभागीय आंकड़ों के अनुसार 1050 अभ्यर्थियों को मंगलवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होना था। इनमें 40 अभ्यर्थी किन्हीं कारणों से परीक्षा में शामिल नहीं हुए, जबकि 1010 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। इनमें 780 अभ्यर्थी परीक्षा में उत्तीर्ण रहे, जबकि 230 किन्हीं कारणों से सफल नहीं हो सके।


शारीरिक समस्याओं व सांस फूलने के कारण 14 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी थी, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजकर उपचार कराया गया।

                                                                                रवि कुमार, पुलिस अधीक्षक