सीएम योगी आदित्यनाथ का आज प्रयागराज दौरा, संगमनगरी को देंगे बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रयागराज को बड़ी सौगात देंगे। माफिया अतीक की कब्जे वाली जमीन पर बनने वाले फ्लैट का भूमि पूजन करेंगे।

सीएम योगी। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
सीएम योगी का 2027 चुनाव और स्नातक सीटों पर जोर।
माफिया से मुक्त जमीन पर 602 फ्लैटों का भूमि पूजन।
स्वतंत्रता सेनानी मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण किया।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुट गई है। इसी रणनीति के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को संगम नगरी से विकास, कानून-व्यवस्था और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।
विधान परिषद की 11 सीटों पर जीत के लक्ष्य के बीच उनका जोर स्नातक मतदाताओं को जोड़ने और विपक्ष को घेरने पर रहेगा। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के समर्थन में आयोजित सम्मेलन के जरिए वह चुनावी माहौल बनाने की कोशिश करेंगे।
वहीं, माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर 602 फ्लैटों के निर्माण का भूमि पूजन कानून-व्यवस्था और गरीबों को आवास देने की पहल को रेखांकित करेगा। तेलियरगंज में स्वतंत्रता सेनानी मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण कर मुख्यमंत्री सामाजिक प्रतिनिधित्व और ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने का संदेश भी देंगे।
प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी, एमएलसी अनूप गुप्त सहित कई अन्य पदाधिकारियों ने एक दिन पहले बुधवार को ही संगम नगरी में डेरा डाल दिया। प्रभारी मंत्री ने कहा, महानगर, गंगापार व यमुनापार से स्नातक मतदाता इस आयोजन में शामिल होंगे।
सभी को 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए भी प्रेरित करना है। बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने तैयारियों को परखने के साथ ही फ्लीट का रिहर्सल किया।
पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ डीप ब्रीफिंग की। वहीं, डीएम मनीष कुमार वर्मा, एडिशनल सीपी प्रशासन अजय पाल शर्मा, पीडीए उपाध्यक्ष ऋषि राज व नगर आयुक्त साईं तेजा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
कसारी-मसारी का नाम भगवान परशुराम नगर करने का सुझाव
वर्ष 2027 के रण में इलाहाबाद पश्चिमी विधानसभा सीट भी खास होगी। यहीं से प्रदेशभर में संदेश पहुंचा कि भाजपा की सरकार माफिया को मिट्टी में मिला देती है। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ माफिया से खाली कराई गई जमीन पर 602 फ्लैट बनाने के लिए भूमि पूजन करेंगे।
ये फ्लैट निम्न व मध्यम आय वर्ग के लोगों को दिए जाएंगे। पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कसारी-मसारी नाम को लेकर सुझाव दिया कि इस क्षेत्र का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखा जाना चाहिए।
पद्मलोक फेज एक में 602 तो दो में बनेंगे 800 से अधिक फ्लैट
जासं, प्रयागराज : माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर पद्मलोक अपार्टमेंट के फेज एक के तहत 602 फ्लैट बनेंगे। इसके बाद इस आवासीय परियोजना का विस्तार किया जाएगा। पीडीए की कसारी-मसारी आवासीय योजना में पद्मलोक अपार्टमेंट फेज-वन के बाद फेज-दो का निर्माण कराया जाएगा।
इसमें 800 से अधिक फ्लैट बनाए जाने की योजना है। इन फ्लैटों की कीमत 28 से 30 लाख रुपये के बीच निर्धारित की जाएगी। पीडीए की कसारी-मसारी आवासीय योजना में माफिया अतीक ने लगभग 15 बीघे से अधिक जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था।
इस जमीन को कब्जे से मुक्त कराने के बाद पीडीए ने यहां आवासीय परियोजना विकसित करने की योजना तैयार की। पहले चरण में 14 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल में पद्म लोक अपार्टमेंट का निर्माण कराया जाएगा।
556 फ्लैटों के लिए दो हजार से अधिक ने कराया था रजिस्ट्रेशन
पीपल गांव में पीएम आवास योजना के तहत बनाए गए 556 फ्लैटों के लिए दो हजार से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। डूडा की ओर से सर्वे के दौरान 1901 लोग लाटरी में शामिल होने के लिए पात्र पाए गए। अप्रैल 2025 में लाटरी के माध्यम से पात्रों का चयन किया गया था।
पीडीए की ओर से 2019 में पीएम आवास योजना के तहत मौजा शाहपुर पीपल गांव में फ्लैट बनवाने की प्रक्रिया शुरू हुई। पीएम आवास योजना के तहत बनाए गए फ्लैटों की कीमत 4.50 लाख रुपये निर्धारित है लेकिन आवंटियों को मात्र दो लाख रुपये वहन करने होंगे। 2.50 लाख रुपये केंद्र और प्रदेश सरकार को देने होंगे।
देश हित में ‘महाशय’ के योगदान को नमन करेंगे योगी
अंग्रेजों का बनाया दमनकारी कानून जरायम पेशा अधिनियम 1871 आजादी के बाद भी देश में गरीबों व वंचितों का शोषण कर रहा था। महज 13 साल की उम्र में ही स्वतंत्रता संग्राम की आवाज बुलंद करने वाले इलाहाबाद (अब प्रयागराज) के मसुरियादीन पासी ने उन्हें इस काले कानून से आजादी दिलाई।
उनके ऐसे ही योगदानों को स्मृतियों में संजोने के लिए तेलियरगंज के पास उनकी प्रतिमा स्थापित की गई, जिसका गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अनावरण करेंगे। दो अक्टूबर 1911 को जोधवल, तेलियरगंज में जन्मे मसुरियादीन पासी न केवल आजादी के बाद लगातार चार बार सांसद रहे, बल्कि संविधान सभा के सदस्य भी थे।
मसुरियादीन के बाद उनके बेटे शशिप्रकाश ने उनकी राजनीतिक विरासत को संभाला। अपने पिता की ही सीट चायल से वर्ष 1991 से लेकर 1996 तक सांसद रहे। मसुरियादीन पासी के पौत्र सचिन कुमार ने कहा कि परिवार के सदस्यों से बाबा के संघर्षों व बलिदान की कहानियां सुनी हैं।
