विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जूनियर एशिया कप में चयनित वालीबाल खिलाड़ी प्रत्यूष राय की प्रयागराज में संदिग्ध मौत, कोच और साथी खिलाड़ी स्तब्ध

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 10 Feb 2026 12:58 PM (IST)

प्रयागराज के म्योहाल हास्टल में वालीबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रत्यूष राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह जूनियर ...और पढ़ें

वालीबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रत्यूष राय की फाइल फोटो।

वालीबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रत्यूष राय की फाइल फोटो।

HighLights

  1.  प्रयागराज के म्योहाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में ले रहे थे प्रशिक्षण

  2. मौत के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी के अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स (म्योहाल) से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जूनियर एशिया कप के लिए भारतीय वालीबाल टीम में चयनित और देश के उभरते सितारे प्रत्यूष राय की हास्टल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिस खिलाड़ी को जून-जुलाई में अंतरराष्ट्रीय कोर्ट पर तिरंगा लहराना था, उसकी इस तरह अचानक विदाई से खेल जगत स्तब्ध है।

लगातार दो बार यूपी टीम का किया था प्रतिनिधित्व

गाजीपुर जनपद के शादियाबाद (सवरी) निवासी प्रत्यूष राय की गिनती उत्तर प्रदेश के सबसे प्रतिभाशाली वालीबाल खिलाड़ियों में होती थी। उन्होंने वर्ष 2025 और 2026 में लगातार यूपी टीम का प्रतिनिधित्व कर अपनी धाक जमाई थी। उनकी हालिया और सबसे बड़ी उपलब्धि जूनियर एशिया कप के लिए भारतीय टीम में उनका चयन था।

Volleyball National Player Pratyush Rai family

एशियाई चैंपियनशिप की कर रहे थे तैयारी 

कोच वीर सिंह ने बताया कि जून से जुलाई के बीच में एशियाई चैंपियनशिप होनी थी और उसकी तैयारी प्रत्यूष कर रहा था। राजस्थान में नेशनल चैंपियनशिप के बाद ही वह गांव गया था। उसके चयन के बाद पूरा स्टेडियम उत्साहित था और कोच के बुलाने पर वह दो दिन पहले ही प्रैक्टिस के लिए हास्टल लौटे थे।

Volleyball National Player Pratyush Rai Suspected Died in Prayagraj

कमरे के दरवाजे पर मिले अचेत, हुई थी उल्टियां

घटनाक्रम के अनुसार, सोमवार रात प्रत्यूष ने साथियों के साथ खाना खाया और सामान्य रूप से सोने चले गए। उनका रूममेट छुट्टी पर था, इसलिए वह कमरे में अकेले थाे। मंगलवार सुबह जब वे अभ्यास सत्र (असेंबली) के लिए कोर्ट पर नहीं पहुंचा, तो एक साथी उसे जगाने गया। दरवाजा खोलने पर देखा कि प्रत्यूष फर्श पर गिरा हुआ था और उल्टियां हुई थीं। साथी खिलाड़ी के चिल्लाने पर कोच और अन्य लोग पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फिटनेस की मिसाल थे प्रत्यूष, मौत बनी रहस्य

प्रत्यूष की मौत ने विशेषज्ञों को भी हैरान कर दिया है क्योंकि वे अपनी बेमिसाल फिटनेस के लिए जाना जाता था। कोच वीर सिंह के अनुसार, "प्रत्यूष सबसे अनुशासित और फुर्तीला खिलाड़ी था।" पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का प्रयागराज पहुंचने पर रो-रोकर बुरा हाल है। अब हर किसी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने को तैयार एक फिट एथलीट की जान आखिर किन परिस्थितियों में गई।   

चचेरी बहन को विदा कर वापस लौटे थे स्टेडियम

होनहार वालीबाल खिलाड़ी प्रत्यूष राय के घर में अभी चचेरी बहन की शादी की शहनाइयां गूंजी ही थीं कि उनकी मौत की खबर ने मातम फैला दिया। प्रत्यूष की चचेरी बहन की शादी पांच फरवरी को थी। चाचा की बेटी की शादी में शामिल होने गांव गए थे। बहन की विदाई हुई तो उसके स्टेडियम लौटने की तैयारी भी शुरू हो गई। ‌

...यह उनकी आखिरी मुलाकात थी

परिवार के साथ खुशियां बांटने के बाद, वे दो दिन पहले ही अरमानों के साथ म्योहाल हास्टल लौटे थे ताकि जूनियर एशिया कप के लिए भारतीय टीम की तैयारी कर सकेंं। घर से विदा लेते वक्त किसे पता था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात होगी। होनहार बेटे को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस को देर तक नहीं दी गई सूचना 

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की ओर से देर तक पुलिस को सूचना ही नहीं दी गई थी। बताया जाता है कि पांच फरवरी को प्रत्यूष अपने चाचा की बेटी की शादी में घर गए थे। दो दिन पहले ही घर से हास्टल आए थे। दो भाई में वे छोटे थे।

यह भी पढ़ें- जूनियर एशिया कप में चयनित वालीबाल खिलाड़ी प्रत्यूष राय की प्रयागराज में संदिग्ध मौत, कोच और साथी खिलाड़ी स्तब्ध

यह भी पढ़ें- ट्रेन के गेट पर भीड़ लगाकर यात्रियों को लूटने वाले 'साहसी गैंग' का राजफाश, प्रयागराज में दबोचे गए गिरोह के चार सदस्य