UPPSC ने आरओ-एआरओ के 501 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन किया जारी, 26 नवंबर तक होंगे ऑनलाइन आवेदन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) के 501 पदों पर भर्ती का संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
यूपीपीएससी ने आरओ/एआरओ के 501 पदों पर भर्ती निकाली।
ऑनलाइन आवेदन 26 नवंबर तक किए जा सकेंगे, आज से शुरू।
विस्तृत विज्ञापन आयोग की वेबसाइट पर सोमवार से उपलब्ध।
राज्य ब्यूरो, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) के 501 पदों पर भर्ती के लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया है।
आरओ/एआरओ (सामान्य एवं विशेष चयन) परीक्षा-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन सोमवार से शुरू होंगे। लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलने जा रहा है। आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने के बाद उसमें सुधार या संशोधन करने तथा शुल्क संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए तीन दिसंबर तक का समय दिया गया है।
यूपीपीएससी के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार भर्ती परीक्षा का विस्तृत विज्ञापन सोमवार से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। इसमें ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया, परीक्षा शुल्क जमा करने के नियम, जाति प्रमाणपत्रों के निर्धारित प्रारूप, परीक्षा योजना और पाठ्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा आरक्षण और आयु सीमा में छूट से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश भी विज्ञापन में शामिल होंगे।
पिछली भर्ती में 10.76 लाख अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
आरओ-एआरओ भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा का अंदाजा पिछली भर्ती के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। वर्ष 2023 में आयोग ने समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी के 411 पदों पर भर्ती निकाली थी। इस भर्ती के लिए रिकार्ड 10,76,004 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस बार पदों की संख्या बढ़कर 501 हो गई है।
