विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PCS 2026 में पदों की संख्या बढ़कर हुई 728, प्री रिजल्ट जारी होने तक और बढ़ने की उम्मीद

Published: Sat, 26 Sep 2026 08:51 AM (IST)

पीसीएस-2026 भर्ती में रिक्तियों की संख्या बढ़कर 728 हो गई है, जो प्रारंभिक परीक्षा परिणाम जारी होने तक और बढ़ने की उम्मीद है

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. पीसीएस-2026 में रिक्तियों की संख्या 728 तक पहुंची।

  2. प्रारंभिक परीक्षा परिणाम तक पद और बढ़ने की उम्मीद।

  3. माध्यमिक शिक्षा विभाग में सर्वाधिक प्रधानाचार्य के पद।

राज्य ब्यूरो, प्रयागराज। पीसीएस बनने का सपना देख रहे करीब 8.90 लाख अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस-2026 भर्ती में रिक्तियों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। 25 जून को जारी विज्ञापन में जहां 500 पदों पर भर्ती का ऐलान किया गया था, वहीं अब विभिन्न विभागों से मिली सूचनाओं के बाद रिक्तियों की संख्या 728 पहुंच गई है।

खास बात यह है कि यह अंतिम आंकड़ा नहीं है। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम जारी होने तक मिलने वाली रिक्तियों को भी इसी भर्ती में शामिल किया जाएगा। ऐसे में पदों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। अब तक मिली रिक्तियों में माध्यमिक शिक्षा विभाग सबसे आगे है। यहां प्रधानाचार्य के 158 पद बताए गए हैं।

सह जिला विद्यालय निरीक्षक, उप सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद, जिला विद्यालय निरीक्षक व समकक्ष के 41 पद हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के डायट में वरिष्ठ प्रवक्ता के 122 पद भर्ती में शामिल हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी के 74 पद हैं। सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी के 58 और डिप्टी कलेक्टर के 33 पद हैं।

नगर विकास विभाग में लेखा एवं वित्त अधिकारी के नौ और सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-2 के 26 पद शामिल हैं। सहायक आयुक्त (उद्योग) के 56, श्रम प्रवर्तन अधिकारी के 16, खाद्य सुरक्षा अधिकारी के 17 और आबकारी निरीक्षक के 14 पद हैं।

राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में सचिव श्रेणी-2 के 28, लेखा एवं समायोजन अधिकारी के सात और विपणन अधिकारी के दो पद हैं। वित्त विभाग में पांच तथा सचिवालय प्रशासन में व्यवस्थापक के आठ पद बताए गए हैं। समाज कल्याण विभाग में जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं समकक्ष के 13 पद हैं।

इसके अलावा जिला प्रोबेशन अधिकारी के सात, जिला पूर्ति अधिकारी व जिला कमांडेंट होमगार्ड और सहायक आयुक्त (खादी एवं ग्रामोद्योग) के चार-चार पद हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी के दो पद शामिल हैं। इसके अलावा जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहायक नियंत्रक विधि माप, विशेष कार्याधिकारी कंप्यूटर, सहायक अभियोजन अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के एक-एक पद शामिल किए गए हैं।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में दो दिनों तक भारी बारिश का रेड अलर्ट, शनिवार को 12वीं तक के स्कूल बंद