विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में दो दिनों तक भारी बारिश का रेड अलर्ट, शनिवार को 12वीं तक के स्कूल बंद

Published: Sat, 26 Sep 2026 08:27 AM (IST)

प्रयागराज में लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण शनिवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने आदेश जारी किया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. प्रयागराज में शनिवार को कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल बंद।

  2. लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण जिला प्रशासन का फैसला।

  3. शासन ने 34 जिलों में 27 सितंबर तक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रयागराज में शनिवार को कक्षा एक से 12 तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।

अवकाश राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा। विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा, लेकिन शिक्षक और अन्य कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित होकर नियमित कार्य करेंगे। उधर, शासन ने चक्रवाती मौसम और घने बादलों के प्रयागराज समेत प्रदेश के 34 जिलों में 27 सितंबर तक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। अस्पतालों, नगर निकायों और बचाव दलों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग करने, जरूरत पड़ने पर यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने और बिजली आपूर्ति के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। आपदा की स्थिति में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस और होमगार्ड की सेवाएं तत्काल लेने के निर्देश दिए गए हैं।

दो दिन में करीब 70 मिलीमीटर बारिश

प्रयागराज में गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार रात तक जारी रहा। गुरुवार सुबह से शुक्रवार सुबह तक करीब 40 मिलीमीटर और शुक्रवार को दिनभर व रात तक लगभग 30 मिलीमीटर बारिश हुई।

लगातार बारिश के कारण तापमान में भी बड़ी गिरावट आई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों के बीच सिर्फ 1.2 डिग्री का अंतर रहा। सुबह से ही आसमान घने बादलों से ढका रहा।

दिनभर कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश होती रही। रात में तेज हवाओं ने मौसम को और ठंडा कर दिया। सितंबर के अंतिम सप्ताह में ही लोगों को हल्की ठंड का अहसास होने लगा।

रविवार से बारिश कमजोर पड़ने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। मेघगर्जन, वज्रपात के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विज्ञानी प्रो. सुनीत द्विवेदी के अनुसार रविवार से बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। हालांकि बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके बाद मौसम में धूप-छांव का क्रम देखने को मिल सकता है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में विदाई संभव इस बार मानसून ने प्रयागराज में खूब बारिश कराई।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज की 588 सड़कें दिवाली से पहले चकाचक दिखेंगी, गड्ढामुक्त मार्ग होने से सफर आरामदायक होगा