विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UPPSC PCS Interview 2024 : अरावली से 'बुलडोजर जस्टिस' तक... जैसे सवाल अभ्यर्थियों से पीसीएस के इंटरव्यू में पूछे गए

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 16 Feb 2026 12:56 PM (IST)

UPPSC PCS Interview 2024 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस-2024 के साक्षात्कार शुरू कर दिए हैं। पहले दिन, अभ्यर्थियों ...और पढ़ें

UPPSC PCS साक्षात्कार 2024 उप्र लोक सेवा आयोग प्रयागराज में पीसीएस के इंटरव्यू के पहले दिन जुटे अभ्यर्थी। जागरण

UPPSC PCS साक्षात्कार 2024 उप्र लोक सेवा आयोग प्रयागराज में पीसीएस के इंटरव्यू के पहले दिन जुटे अभ्यर्थी। जागरण 

HighLights

  1. इंटरव्यू में अभ्यर्थियों की प्रशासनिक दृष्टि और समसामयिक समझ की कड़ी परीक्षा ली गई

  2. अरावली खनन, बुलडोजर जस्टिस, AI पर प्रश्न पूछे गए।

  3. उप्र लोक सेवा आयोग प्रयागराज में पीसीएस का इंटरव्यू आज शुरू हुआ

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UPPSC PCS Interview 2024 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में आज यानी सोमवार से पीसीएस-2024 का साक्षात्कार शुरू हो गया है। पहले दिन इंटरव्यू में प्रशासनिक दृष्टि और समसामयिक समझ की अभ्यर्थियों की कड़ी परीक्षा ली गई। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से ऐसे प्रश्न पूछे, जिनसे उनकी सोच, संवेदनशीलता और निर्णय क्षमता का गहन आकलन किया जा सके।

अरावली में अवैध खनन के मुद्दे पर प्रश्न आए 

UPPSC PCS Interview 2024 साक्षात्कार कक्ष में अरावली में अवैध खनन के मुद्दे पर प्रश्न आए। अभ्यर्थियों से पूछा गया कि यदि वे जिले के अधिकारी हों तो पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन कैसे स्थापित करेंगे। उनसे यह भी जानना चाहा गया कि खनन पर नियंत्रण और निगरानी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) का उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है। इससे स्पष्ट हुआ कि आयोग तकनीकी समझ और आधुनिक समाधान की अपेक्षा रखता है।

इंटरनेट मीडिया बैन जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठे

UPPSC PCS Interview 2024 समसामयिक विषयों में “बुलडोजर जस्टिस” और इंटरनेट मीडिया बैन जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठे। अभ्यर्थियों से पूछा गया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन की सीमाएं और जिम्मेदारियां क्या हैं। चुनाव के दौरान प्रशासनिक दायित्वों को लेकर भी प्रश्न पूछे गए की कैसे निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए और आचार संहिता का प्रभावी पालन कराया जाए।

SIR से जुड़े प्रश्नों से विश्लेषण क्षमता को परखा गया

UPPSC PCS Interview 2024 एसआइआर से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से विश्लेषण क्षमता को परखा गया। वहीं भ्रष्टाचार कम करने के व्यावहारिक उपायों पर भी अभ्यर्थियों से ठोस सुझाव मांगे गए। एक उम्मीदवार ने बताया कि उनसे पूछा गया कि यदि आप एसडीएम हों और दो समुदायों के बीच दंगा भड़क जाए, तो आप शांति कैसे बहाल करेंगे? इस प्रश्न ने उनकी त्वरित निर्णय क्षमता और संवेदनशील नेतृत्व की परीक्षा ली।

बच्चों में मोबाइल के बढ़ते उपयोग के प्रभावों पर राय पूछा

सामाजिक सरोकार भी इंटरव्यू का अहम हिस्सा रहे। बच्चों में मोबाइल के बढ़ते उपयोग के सामाजिक प्रभावों पर राय पूछी गई, ताकि यह समझा जा सके कि भावी अधिकारी समाज के बदलते स्वरूप को किस नजर से देखते हैं। प्रशासनिक पद पर कार्यरत उम्मीदवार से जेल प्रशासन, बंदियों के पुनर्वास और संकट प्रबंधन पर प्रश्न किए गए।

साक्षात्कार 20 मार्च तक होगा 

साक्षात्कार 12 से 15 मिनट तक चला, लेकिन इन मिनटों में अभ्यर्थियों की वर्षों की तैयारी और व्यक्तित्व की गहराई परखी गई। आयोग में साक्षात्कार 20 मार्च तक जारी रहेंगे। फिलहाल आयोग के बाहर मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवार भी पहुंचे है, जो साक्षात्कार देकर निकले प्रतियोगी छात्रों से बातचीत कर जानकारी को अपडेट कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- UPPSC PCS Interview 2024 : पीसीएस भर्ती का साक्षात्कार 16 फरवरी से, यहां देखें विस्तृत शेड्यूल

यह भी पढ़ें- विदेश में जन्मे भारतीय भी बन सकेंगे मतदाता, इन्हें भरना होगा यह फार्म, भारत निर्वाचन आयोग ने दी है सुविधा