UP शिक्षक भर्ती अर्हता संशोधन पर मंत्री के मंजूरी की प्रतीक्षा, फिर UPESSC को भेज शिक्षक चयन प्रक्रिया शुरू हो सकेगी
यूपी के एडेड माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की अर्हता जल्द स्पष्ट होगी, जिसके लिए मंत्री की मंजूरी का इंतजार है। ...और पढ़ें

UP के एडेड माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की अर्हता जल्द स्पष्ट हो जाएगी।
HighLights
एडेड माध्यमिक विद्यालयों के लिए उपलब्ध कराया है प्रस्ताव
प्रवक्ता पद की अर्हता में बदलाव नहीं, अन्य में प्रक्रिया जारी
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक, संबद्ध प्राइमरी के शिक्षकों की अर्हता जल्द स्पष्ट हो जाएगी। इस संबंध में 21 अगस्त को अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्पष्ट किया गया कि अर्हता संशोधन के प्रस्ताव को अनुमोदन के लिए माध्यमिक शिक्षा मंत्री को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद इसे स्पष्ट करते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजा जाएगा, ताकि शिक्षक चयन प्रक्रिया शुरू की जा सके।
शिक्षा निदेशालय ने प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी तथा प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) एवं प्रवक्ता संवर्ग को मिलाकर 23,899 पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजा था, लेकिन अर्हता स्पष्ट न होने से आयोग ने इसे लौटा दिया था।
ऐसे में अर्हता स्पष्ट करने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं आयोग के अधिकारियों के साथ अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें बताया गया कि प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक की अर्हता संशोधन के लिए शिक्षा निदेशक के 13 अगस्त के पत्र द्वारा प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि संबद्ध प्राइमरी के शिक्षकों की अर्हता संशोधन के लिए प्रस्ताव 18 अगस्त को उपलब्ध कराया गया।
दोनों प्रस्ताव पर अनुमोदन के लिए पत्रावली मंत्री के समक्ष प्रस्तुत की गई है। इसके अलावा टीजीटी भर्ती के लिए शैक्षिक अर्हता स्पष्ट कर ली गई है, जबकि प्रवक्ता पद की अर्हता में कोई परिवर्तन नहीं किया जाना है।
यह भी पढ़ें- 'H1 N1' वायरस क्या है? इसके फैलने का प्रयागराज में खतरा, बचाव को SRN अस्पताल में बनाए गए वार्ड और लैब
यह भी पढ़ें- ट्रेनों में शाही सफर पर लगी रोक: रेलवे सैलून की निजी बुकिंग बंद, अब सिर्फ अफसर ही कर सकेंगे यात्रा
